एनएचएआई टोल घोटाले पर 14 राज्यों में ईडी की छापेमारी

एनएचएआई टोल घोटाले पर 14 राज्यों में ईडी की छापेमारी
भोपाल, यश भारत। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के टोल प्लाजा पर फर्जी टोल वसूली और रकम की हेराफेरी के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने 14 राज्यों में एक साथ छापेमारी शुरू की है। लखनऊ जोनल कार्यालय की टीमों द्वारा मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत की जा रही कार्रवाई में मध्यप्रदेश के भी कई ठिकाने जांच के दायरे में हैं। एनएचएआई के अनुसार टोल वसूली में अनधिकृत सॉफ्टवेयर एप्लिकेशन का इस्तेमाल कर फर्जी टोल रसीदें तैयार की जा रही थीं। आरोप है कि इसके जरिए टोल से वसूली गई रकम को एनएचआई के आधिकारिक अकाउंटिंग सिस्टम से बाहर डायवर्ट किया गया। जांच टीमें उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराट्र, जम्मू-कश्मीर, मध्यप्रदेश, एनसीआर और कोलकाता समेत कई स्थानों पर तलाशी ले रही हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक फॉरेंसिक परीक्षण और रिकॉर्ड की जांच में अनधिकृत सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल की पुष्टि हुई है। तलाशी के दौरान फर्जीवाड़े से जुड़े डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्य, रकम के लेन-देन तथा पूरे नेटवर्क से जुड़े लाभार्थियों की जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई का उद्देश्य अपराध से अर्जित रकम का पता लगाना भी है।







