देश

हथनीकुंड बैराज में सेना की एक्सरसाइज के दौरान हादसा, मोटर बोट डूबी; जवान के लापता होने की आशंका

आधिकारिक जानकारी का इंतजार

यमुनानगर , एजेंसी। हथनीकुंड बैराज क्षेत्र में सेना की बाढ़ बचाव एक्सरसाइज के दौरान बुधवार को यमुना नदी में बड़ा हादसा हो गया। अभ्यास के दौरान सेना की मोटर बोट तेज बहाव वाले डेंजर जोन में चली गई और पलटकर नदी में डूब गई। हादसे के बाद एक जवान के लापता होने की सूचना है, जबकि कुछ जवानों के तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हरियाणा-हिमाचल सीमा से लगे हथनीकुंड बैराज क्षेत्र में सेना की वन पैरा स्पेशल फोर्स के जवान बाढ़ बचाव का अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान मोटर बोट नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गई। नाव पलटने के बाद उसमें सवार जवान नदी में फंस गए।

बताया जा रहा है कि तीन जवान करीब 600 मीटर तक तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए। वहीं एक जवान तेज बहाव में बह गया। कुछ प्रारंभिक सूचनाओं में एक से दो जवानों के लापता होने की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, प्रभावित जवानों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही सेना, हरियाणा और उत्तर प्रदेश पुलिस तथा एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। नदी में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी प्रयास के बाद सेना की डूबी मोटर बोट को पानी से बाहर निकाल लिया गया। लापता जवान की तलाश अभी जारी है। प्रतापनगर पुलिस ने मामले को देश की सुरक्षा से जुड़ा बताते हुए विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें कितने जवान प्रभावित हुए, इसकी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button