शराब में जहर मिलाकर चार युवकों की हत्या का खुलासा, प्रेम प्रसंग बना वजह; तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
पटना से सटे बाढ़ थाना क्षेत्र का मामला

पटना, एजेंसी। पटना से सटे बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढना गांव में चार युवकों की शराब पीने के बाद हुई मौत के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, युवकों को शराब में जहर मिलाकर पिलाया गया था। हत्या की वजह प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश बताई जा रही है। मामले में मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है।
ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने बताया कि 30 अगस्त को चार युवकों की शराब पीने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल का गठन किया। जांच और पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी लाली कुमार से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने हत्या की साजिश का खुलासा किया।
पुलिस के मुताबिक लाली कुमार ने चारों युवकों को शराब पीने के लिए बुलाया था। आरोप है कि शराब परोसने से पहले उसमें बाजार से खरीदा गया जहरीला पदार्थ मिला दिया गया। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि के लिए मृतकों का विसरा और शराब के नमूने एफएसएल जांच के लिए भेजे गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक नीशू कुमार का आरोपी लाली कुमार की बहन से करीब दो से ढाई वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद था। पुलिस का कहना है कि नीशू और उसके साथी कथित तौर पर लाली को इस मामले को लेकर चिढ़ाते भी थे। इसी रंजिश और नाराजगी के चलते हत्या की साजिश रची गई।
मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी लाली कुमार और जहर उपलब्ध कराने के आरोप में सब्जी विक्रेता रुदल कुमार को गिरफ्तार किया है। एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह को लेकर अलग-अलग बातें सामने आई थीं, लेकिन पूछताछ में आरोपी ने प्रेम प्रसंग को मुख्य वजह बताया है।







