जबलपुरमध्य प्रदेश

रांझी में दोस्तों का विवाद बना खूनी संघर्ष,एक युवक की हालत गंभीर

आरोपी फरार,पुलिस जुटी जांच में

जबलपुर, यशभारत। रांझी थाना क्षेत्र में देर रात दोस्तों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। मेजर किराना स्टोर के पीछे गली में दो युवकों ने अंशु चौधरी पर कथित रूप से चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से इलाके में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल अंशु को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया।

विवाद के बाद घेरकर हमला

जानकारी के मुताबिक अंशु चौधरी का कुछ युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। कहासुनी इतनी बढ़ी कि आरोपियों ने कथित रूप से चाकू निकाल लिए और अंशु पर लगातार वार कर दिए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

वारदात के बाद पुलिस का एक्शन

चाकूबाजी की सूचना मिलते ही रांझी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने घायल के बयान और घटनाक्रम की जानकारी जुटाते हुए आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

दोस्ती का विवाद या पुरानी रंजिश?

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर ऐसा क्या विवाद हुआ, जिसके बाद दोस्तों के बीच चाकू चल गए। पुलिस हमले की वजह, आरोपियों की भूमिका और घटना के पीछे किसी पुरानी रंजिश की भी जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही वारदात की पूरी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button