भोपाल पुलिस ने लाखों के पटाखे किये जब्त, एक गोदाम सील और दो दुकानदार गिरफ्तार

भोपाल पुलिस ने लाखों के पटाखे किये जब्त, एक गोदाम सील और दो दुकानदार गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। आगामी दीपावली त्यौहार के मद्देनज़र, भोपाल पुलिस ने शहर में अवैध रूप से संचालित विस्फोटक (पटाखों) के कारोबार पर दो बड़ी कार्रवाई की है। इन कार्रवाइयों में एक अवैध पटाखा गोदाम को सील कर लाखों रुपये की खेप जब्त की गई, वहीं दो दुकानदारों को अवैध रूप से पटाखे बेचते हुए गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से ₹80,000 मूल्य के पटाखे जब्त हुए।
1. खजूरी सड़क में अवैध पटाखा गोदाम सील
खजूरी सड़क थाना पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम जमुनियां छीर के पास एक अवैध रूप से संचालित पटाखा गोदाम पर छापा मारा। पुलिस को मौके पर एक लोडिंग गाड़ी मिली, जिसमें पटाखों की खेप लोड की जा रही थी।
गोदाम संचालक मोहन मनवानी (60), जो ‘मधुर फायर वर्क्स’ के नाम से प्रतिष्ठान चलाते हैं, उन्हें मौके पर बुलाया गया। जब मनवानी विस्फोटक रखने का कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज पेश नहीं कर पाए, तो राजस्व विभाग के साथ मिलकर वैधानिक कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी नीरज वर्मा ने बताया कि अवैध रूप से संचालित गोदाम को सील किया गया है। पटाखों से भरी लोडिंग गाड़ी को जब्त किया गया है। जब्त पटाखों की कीमत लाखों में बताई जा रही है। वही आरोपी मोहन मनवानी के खिलाफ खजूरी सड़क थाने में मामला दर्ज किया गया है।
2. गौतम नगर क्षेत्र में दो दुकानदार गिरफ्तार
थाना गौतम नगर पुलिस टीम ने भी अवैध पटाखा विक्रेताओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने गणेश मंदिर के पास, छोला रोड से संजय विश्वकर्मा (31) और भावेश किराना दुकान के सामने, डीआईजी बंगला चौराहा से भावेश तारप (30) को बिना लाइसेंस के अवैध रूप से पटाखे बेचते पाया। दोनों अनावेदकों के पास से लगभग 80,000 रुपये कीमत के अवैध पटाखे जब्त किए गए और उन्हें गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की गई।







