भोपाल के छोला थाना क्षेत्र में सनसनी: एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, जांच में जुटी पुलिस

भोपाल के छोला थाना क्षेत्र में सनसनी: एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, जांच में जुटी पुलिस
भोपाल, यशभारत। राजधानी के छोला थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, एक ही मकान के भीतर सदस्यों के शव मिलने की सूचना मिली है, वहीं परिवार के एक सदस्य का शव रेलवे ट्रैक पर पाया गया है। एक साथ पांच मौतों की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही छोला थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और क्षेत्र को सील कर जांच शुरू कर दी।
हत्या या सामूहिक आत्महत्या? पुलिस हर पहलू पर कर रही पड़ताल
घटना की सूचना के बाद फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला सामूहिक आत्महत्या का है या फिर इसके पीछे कोई साजिश अथवा हत्या की आशंका है। पुलिस की अलग-अलग टीमें मामले से जुड़े सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से पड़ताल कर रही हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और शुरुआती जांच पूरी होने के बाद ही मौतों के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल क्षेत्र में तनाव और शोक का माहौल बना हुआ है।







