मुख्य ख़बरें

मेले के जश्न के बीच सड़क पर ‘दंगल’: बदमाशों के हमले से 3 युवक लहूलुहान, अस्पताल में कराया गया भर्ती…. देखें पूरा वीडियो

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के घंसौर तहसील अंतर्गत ग्राम चटुआ में मंडई मेले से लौट रहे तीन युवकों के साथ अज्ञात लोगों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। अचानक हुए इस हमले में तीनों युवक घायल हो गए। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंसौर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। घटना की सूचना मिलने पर घंसौर पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार टिंकल यादव (20 वर्ष), जाहिद खान (22 वर्ष) और एहसान खान (23 वर्ष) गुरुवार रात ग्राम चटुआ में आयोजित मंडई में शामिल होने पहुंचे थे। मंडई में घूमने और कार्यक्रम देखने के बाद तीनों युवक वापस घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक कुछ अज्ञात लोग पहुंचे और तीनों युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में तीनों को चोटें आईं। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।

मारपीट की घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंसौर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। वहीं घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

फिलहाल मारपीट करने वाले लोगों की पहचान नहीं हो सकी है और न ही हमले के पीछे का कारण स्पष्ट हो पाया है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। मंडई जैसे सार्वजनिक आयोजन के दौरान हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवकों के साथ मारपीट किस वजह से की गई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button