गोवा के मशहूर नाइट क्लब में सिलेंडर ब्लास्ट से भड़की आग, 25 लोगों की मौत
गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज

गोवा,एजेंसी। गोवा के मशहूर नाइट क्लब में बड़ा और दर्दनाक हादसा हुआ है. देररात नाइट क्लब में अचानक सिलेंडर ब्लास्ट हुआ और भयंकर आग लग गई, जिससे 25 लोगों की मौके पर मौत हो गई. नाइट क्लब का किचन स्टाफ हादसे का शिकार हुआ है और मृतकों में 3 महिलाएं भी शामिल हैं. वहीं मामले में अब गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज हुआ है, वहीं मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं.
पिछले साल ही खुला था नाइट क्लब
हादसा गोवा की राजधानी पणजी से करीब 25 किलोमीटर दूर अर्पोरा गांव में बने मशहूर पार्टी वेन्यू बिर्च बाय रोमियो लेन में हुआ है. साल 2024 में ही यह नाइट क्लब खुला था. मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने हादसास्थल का जायजा लिया और खुद रेस्टोरेंट के मैनेजमेंट से पूछताछ की. पुलिस से हादसे की जानकारी लेकर मौके पर मौजूद लोगों के बयान लिए. लोगों ने बताया कि किचन में खाना बनाते हुए अचानक सिलेंडर फट गया और आग लग गई.
प्रधानमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान
गोवा हादसे पर शोक जताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने मुआवजे का ऐलान किया है. प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार मुआवजा देने की घोषणा की गई है, वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे पर शोक जताया. उन्होंने अपने X हैंडल पर पोस्ट में लिखा कि गोवा में हुए हादसे के बारे में जानकर मन दुखी हुआ. जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं.







