बरगी बांध में क्रूज हादसा: 10 से अधिक लोग अब भी लापता, 6 की मौत की सूचना, तेज हवा के बीच पलटा क्रूज, बचाव अभियान जारी

जबलपुर, यश भारत। बरगी बांध में गुरुवार शाम हुए क्रूज हादसे में स्थिति गंभीर बनी हुई है। ताजा जानकारी के अनुसार, अब तक 6 लोगों की मौत की सूचना सामने आ रही है, जबकि 10 से अधिक लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। हालांकि इन आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि प्रशासन की ओर से अभी नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि शाम करीब 6:30 बजे पर्यटकों को लेकर लौट रहा क्रूज तेज हवा के बीच संतुलन खो बैठा और पलट गया। हादसे के बाद सभी यात्री पानी में जा गिरे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूत्रों के अनुसार, करीब 12 से 15 लोग लाइफ जैकेट के सहारे तैरकर सुरक्षित किनारे तक पहुंच गए, जबकि कुछ को रेस्क्यू टीम ने बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए भेजा जा रहा है। इसी बीच बरगी से तीन एंबुलेंस जबलपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना की गई हैं।
मौके पर पुलिस, होमगार्ड और प्रशासन की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश जारी है, लेकिन अंधेरा और मौसम की स्थिति अभियान में बाधा बन रही है।
अधिकारियों का कहना है कि अभी मृतकों की संख्या और लापता लोगों के आंकड़ों की स्पष्ट पुष्टि नहीं की जा रही है।
हादसे को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं। तेज हवा के बावजूद क्रूज को डैम में जाने की अनुमति कैसे दी गई और लाइफ जैकेट अनिवार्य होने के बावजूद इतनी बड़ी जनहानि कैसे हुई—इन बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि प्राथमिकता लापता लोगों को जल्द से जल्द खोज निकालना है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और बचाव कार्य जारी है।







