जबलपुरमध्य प्रदेश

यशभारत ब्रेकिंग : तकनीकी खराबी के चलते इंडिगो फ्लाइट रद्द, यात्री हुए परेशान

हैदराबाद से जबलपुर होकर इंदौर जाने वाली उड़ान सुबह 9:20 बजे होनी थी रवाना

जबलपुर,यशभारत। डुमना एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह हैदराबाद से जबलपुर होकर इंदौर जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट तकनीकी खराबी के चलते रद्द कर दी गई। फ्लाइट के अचानक कैंसिल होने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ी, जबकि कुछ यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों के जरिए इंदौर भेजने की व्यवस्था की गई।

जानकारी के मुताबिक हैदराबाद से उड़ान भरने के बाद इंडिगो की फ्लाइट निर्धारित समय पर जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पहुंची थी। यहां से इसे सुबह 9:20 बजे इंदौर के लिए रवाना होना था, लेकिन उड़ान से पहले विमान में तकनीकी खराबी सामने आ गई। इसके बाद फ्लाइट को कैंसिल करने का निर्णय लिया गया।

यात्रियों ने बताया कि उड़ान रद्द किए जाने से पहले उनका सामान विमान में रखवा दिया गया था। इसके बाद अचानक फ्लाइट कैंसिल होने की जानकारी दी गई, जिससे यात्रियों में असमंजस की स्थिति बन गई। कुछ यात्री अपने घर वापस लौट गए, जबकि अन्य यात्री इंदौर पहुंचने के लिए वैकल्पिक साधन तलाशते रहे।

बताया गया कि कुछ यात्रियों को दिल्ली के रास्ते इंदौर भेजने की व्यवस्था की गई, जबकि कुछ यात्रियों को इंदौर के लिए तत्काल दूसरी फ्लाइट नहीं मिल सकी। इसके चलते उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ा। यात्रियों ने एयरलाइन की व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि फ्लाइट रद्द होने की सूचना और वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था समय पर स्पष्ट की जानी चाहिए थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button