भोपालमध्य प्रदेश

आलीशान मकानों में बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई, 11 मामलों में 15.58 लाख का जुर्माना

आलीशान मकानों में बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई, 11 मामलों में 15.58 लाख का जुर्माना

भोपाल यश भारत। बिजली चोरी के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने गुरुवार को शहर के सिटी कोतवाली ज़ोन में बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 प्रकरण दर्ज किए और कुल 15.58 लाख रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया। कंपनी के सतर्कता एवं निरीक्षण दल ने इस्लामपुरा क्षेत्र में स्थित आलीशान एवं बहुमंजिला मकानों की बारीकी से जांच की। इस दौरान बिजली के अवैध उपयोग के कई गंभीर मामले सामने आए। एक आवासीय परिसर में बिना अनुमति के कोल्ड स्टोरेज संचालित पाया गया जहां बड़े पैमाने पर बिजली की खपत हो रही थी। वहीं एक अन्य मकान में घरेलू कनेक्शन की आड़ में फर्नीचर निर्माण का कारखाना चलाया जा रहा था। इसके अलावा एक स्थान पर मुख्य लाइन से सीधे तार जोड़कर ई व्हीकल चार्जिंग करते हुए भी पकड़ा गया।जांच के दौरान सामने आए सभी मामलों में विद्युत अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर संबंधित उपभोक्ताओं पर कुल 15.58 लाख रुपये की पेनल्टी और बकाया राशि निर्धारित की गई है।कंपनी की सख्त चेतावनी , मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी और अनधिकृत उपयोग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे वैध कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें। बिजली चोरी न केवल दंडनीय अपराध है बल्कि इससे वितरण प्रणाली पर अतिरिक्त भार पड़ता है, जिससे आपूर्ति प्रभावित होती है और राजस्व हानि होती है। कंपनी ने चेतावनी दी है कि ऐसे मामलों में भारी जुर्माने के साथ न्यायालयीन कार्रवाई और जेल जैसी सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। साथ ही उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि यदि वे अपने परिसर में व्यावसायिक गतिविधियां या उच्च क्षमता वाले उपकरणों का उपयोग कर रहे हैं तो नियमानुसार लोड स्वीकृत कराकर उचित कनेक्शन लें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button