जल भवन में ढोल-नगाड़ों के साथ ठेकेदारों का धरना

जल भवन में ढोल-नगाड़ों के साथ ठेकेदारों का धरना
– एकल नल जल योजनाओं के लंबित भुगतान को लेकर प्रदर्शन
– अफसरों के बीच फाइलों के मूवमेंट का विवाद बना वजह
भोपाल, यश भारत । लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के प्रमुख अभियंता कार्यालय जल भवन के बाहर बुधवार को एकल नल जल योजना से जुड़े नाराज ठेकेदार ढोल-नगाड़ों के साथ धरने पर बैठ गए। ठेकेदारों ने लंबे समय से लंबित भुगतानों को जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि भुगतान से जुड़ी समस्या की जानकारी अपर मुख्य सचिव (एसीएस) और प्रमुख सचिव वित्त तक पहुंचने के बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ठेकेदारों का कहना है कि भुगतान अटकने से उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने ढोल-नगाड़े बजाकर अपनी नाराजगी जाहिर की और लंबित बिलों के भुगतान की मांग उठाई।
फाइलों के मूवमेंट को लेकर दो अफसरों में खींचतान
विभाग में भुगतान संबंधी फाइलों के मूवमेंट को लेकर प्रमुख अभियंता (ENC) संजय अंधवान और अपर संचालक वित्त अंजू सिंह के बीच मतभेद की स्थिति सामने आई है। बताया जा रहा है कि वित्तीय फाइलों के मूवमेंट में आ रही रुकावट के चलते भुगतान की प्रक्रिया प्रभावित हुई और इसका असर ठेकेदारों पर पड़ा।
दो माह पहले पदस्थ हुईं अपर संचालक वित्त
जानकारी के मुताबिक, अपर संचालक वित्त अंजू सिंह की जल भवन में करीब दो माह पहले पदस्थापना हुई है। उनके स्तर से भुगतान संबंधी फाइलों को लेकर पहले अधीनस्थ अमले से और बाद में पीएचई के ईएनसी संजय अंधवान से स्पष्टीकरण मांगा गया। इसके बाद दोनों अधिकारियों के बीच फाइलों को लेकर टकराव की स्थिति बनने की बात सामने आई है।







