सोना-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, 1.38 लाख रुपये के नीचे आया 24 कैरेट गोल्ड

सोना-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, 1.38 लाख रुपये के नीचे आया 24 कैरेट गोल्ड
लगातार गिर रहे भाव से खरीदारों को राहत, आगे और सस्ता होगा सोना या फिर आएगी तेजी?
जबलपुर, यश भारत। सोना-चांदी खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। देशभर में दोनों कीमती धातुओं के भाव में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार 12 नवंबर को 24 कैरेट सोने की कीमत 2,911 रुपये घटकर 1,37,692 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। वहीं चांदी के भाव में भी 4,860 रुपये की कमी आई है। अब एक किलो चांदी की कीमत 1,81,040 रुपये रह गई है।
दो दिन से लगातार गिर रहे भाव
सोने और चांदी की कीमतों में पिछले कुछ दिनों से उतार-चढ़ाव जारी है। गुरुवार को वायदा बाजार में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना करीब 3 हजार रुपये टूटकर 1,36,716 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं चांदी 5,421 रुपये गिरकर 1,78,910 रुपये प्रति किलो पर आ गई।
अमेरिका में महंगाई का असर
कीमतों में गिरावट की प्रमुख वजह अमेरिका में महंगाई के उम्मीद से ज्यादा आंकड़े और डॉलर की मजबूती बताई जा रही है। इसके चलते अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाए जाने की आशंका बढ़ गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों पर इसका असर दिखाई दे रहा है।
क्या आगे और सस्ता होगा सोना?
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले दिनों में सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव बना रह सकता है। यदि डॉलर और मजबूत होता है तो कीमतों में और गिरावट की संभावना है। हालांकि, आगे का रुख अमेरिकी ब्याज दरों और अंतरराष्ट्रीय बाजार की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा। ऐसे में खरीदारों की नजर अब आने वाले दिनों के भाव पर टिकी है







