कटनी

बरही बंद के बीच न्याय दो…के लगे नारे, लोगों ने पूछा सवाल : घटना की रात बरही में क्यों नहीं थे सीएमओ, तहसीलदार और टीआई, सीएमओ और अग्निशामक प्रभारी को बर्खास्त कर एफआईआर की मांग, नगर परिषद अध्यक्ष भी दें स्तीफा…देखें वीडियो

कटनी, यशभारत। बरही बंद के बीच लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों की मांग है कि इस घटना के लिए दोषी जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। समस्त नगरवासियों एवं आम जनमानस की ओर से अनुविभागीय अधिकारी को एक ज्ञापन भी सौंपा जा रहा है, जिसमे कहा गया है कि बरही में अग्निकांड से दुखद दुर्घटना हुई है, जिससे समूचा नगर एवं क्षेत्र स्तब्ध है। नगर परिषद बरही द्वारा संचालित फायर ब्रिगेड में पानी की उपलब्धता न होना एवं मशीन के उपकरण व्यवस्थित न होने से होने वाली दुर्घटना से लोगों को बचाया नहीं जा सका। अग्निशामक यंत्र व्यवस्थित हो जाता तो कुछ लोगो की जान बचाई जा सकती थी, जिस संबंध में नगर एवं क्षेत्र के लोगों द्वारा विभिन्न बिन्दुओं पर ज्ञापन सौंपा जा रहा है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि नगर परिषद बरही में पदस्थ मुख्य नगर पालिका अधिकारी को बर्खास्त किया जावे। अग्निशामक वाहन प्रभारी को बर्खास्त करते हुए एफआईआर दर्ज की जावे। नगर परिषद बरही अध्यक्ष अपने पद से स्तीफी देवे। नगर परिषद के सभी विभाग प्रभारियो के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से कार्यवाही करते हुए निष्पक्ष जांच कराई जावे। घटना की रात बरही नगर में सीएमओ, तहसीलदार और टीआई उपस्थित क्यों नहीं थे। यह ज्ञापन नगर के समस्त आम जन मानस की ओर से कार्यवाही किए जाने एवं भविष्य में ऐसी दुर्घटना घटित न हो, इस संबंध में समुचित व्यवस्था की जावे।

WhatsApp Image 2026 11 11 at 22.29.19 1

WhatsApp Image 2026 11 11 at 22.29.19 2 WhatsApp Image 2026 11 11 at 23.00.18

अग्निकांड के बाद फूटा जनाक्रोश, बंद रहा बरही

दीपावली की रात बरही नगर में हुए हृदयविदारक अग्निकांड में अग्रवाल परिवार के आधा दर्जन सदस्यों की जिंदा जलकर मौत के मामले ने अब जनाक्रोश का रूप ले लिया है। घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी घटना के लिए दोषी जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कोई ठोस वैधानिक कार्रवाई नहीं होने से नाराज नगरवासियों और व्यापारियों ने आज गुरुवार को बरही बंद का आव्हान किया। बंद के समर्थन में व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठानों के ताले नहीं खोले। होटल से लेकर मेडिकल स्टोर्स तक बंद रहे और पूरा बरही नगर बंद नजर आया। नगरवासियों एवं व्यापारियों में सरकारी व्यवस्था और प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर गहरी नाराजगी देखी गई। इस दौरान पूरा बरही नगर स्वस्फूर्त बंद रहा। लोगों ने कहा कि घटना के 5 दिन बाद भी प्रशासन जांच के नाम पर पूरे मामले में लीपापोती कर रहा है। जिन अफसरों के विरूद्ध कार्रवाई होनी चाहिए, उन्हें ही जांच का जिम्मा सौंपा गया है। बरही बंद के दौरान 11 बजे नगर के लोग कमानिया गेट में एकत्रित हुए और जिम्मेदार लापरवाह प्रशासनिक अधिकारियों पर जबाबदेही तय करने की पुरजोर मांग कर रहे है।

व्यापारियों ने नहीं खोले दुकानों के ताले

प्रदर्शनकारियों की मांग है कि अग्निकांड के दौरान राहत एवं बचाव कार्य में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए। उनके विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कर सेवा से बर्खास्त करने जैसी कठोर कार्रवाई की जाए। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते प्रशासनिक अमला सक्रिय होता और राहत बचाव के पर्याप्त इंतजाम किए जाते तो छह अनमोल जिंदगियों को बचाया जा सकता था। गौरतलब है कि दीपावली की रात बरही नगर के पूरन अग्रवाल के तीन मंजिला दुकान एवं आवासीय भवन में भीषण आग भडक़ उठी थी। इस दर्दनाक हादसे में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला अग्रवाल, बहू सोनम अग्रवाल, दो माह का मासूम अर्विश्, 12 वर्षीय आर्या और 6 वर्षीय अन्वी की मौत हो गई थी।

होटल और मेडिकल स्टोर्स भी रहे बंद

गुरुवार सुबह से ही नगर में बंद का व्यापक असर देखने को मिला। व्यापारियों ने अपनी दुकानों के शटर नहीं खोले। होटल संचालकों और मेडिकल स्टोर संचालकों ने भी बंद का समर्थन करते हुए अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। आवश्यक सेवाओं से जुड़े प्रतिष्ठानों के बंद रहने से भी नगर में बंद का असर साफ दिखाई दिया। छह लोगों की असमय मौत से आहत नगरवासी अब केवल आश्वासनों से संतुष्ट होने को तैयार नहीं हैं। उनकी मांग है कि इस हृदयविदारक हादसे की निष्पक्ष जांच हो। लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों को चिह्नित किया जाए और उनके विरुद्ध जवाबदेही तय करते हुए ठोस कार्रवाई की जाए।

9 घंटे तक जिम्मेदारों की गैर मौजूदगी पर उठे सवाल

हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य के दौरान करीब नौ घंटे तक स्थानीय एवं जिला स्तर के जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपस्थिति को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार मौके पर बरही थाना के दो कर्मचारी, नगर परिषद के दमकल प्रभारी तीरथ चतुर्वेदी और नगर परिषद अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल के अलावा अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की मौजूदगी नहीं रही। इसी कथित प्रशासनिक उदासीनता को लेकर अब लोगों का गुस्सा सडक़ों पर दिखाई दे रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button