देश

डेरा ब्यास जा रहे परिवार की पिकअप को ट्रक ने मारी टक्कर, 11 घायल, 8 की मौत

अस्थि विसर्जन के लिए निकले परिवार पर काल का कहर

फिरोजपुर। पंजाब के फिरोजपुर जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। हादसा उस समय हुआ जब परिवार के सदस्य एक रिश्तेदार की अस्थियां विसर्जित करने के लिए डेरा ब्यास जा रहे थे।

जानकारी के अनुसार, जलालाबाद क्षेत्र के एक ही परिवार के करीब 25 लोग पिकअप वाहन में सवार होकर अमृतसर जिले स्थित डेरा ब्यास जा रहे थे। सुबह लगभग 5:40 बजे फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर जंगनवाला मोड़ के पास उनकी पिकअप गाड़ी की सामने से आ रहे एक भारी ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद ट्रक ने पिकअप को टक्कर मारते हुए कई मीटर तक घसीट लिया। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री उसके अंदर फंस गए।

सूचना मिलते ही पुलिस, रोड सेफ्टी फोर्स, स्थानीय लोगों और राहगीरों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहन को काटकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से फिरोजपुर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस के अनुसार, चार लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि चार अन्य ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। फिरोजपुर के एसएसपी राजिंदर सिंह ने बताया कि परिवार अपने एक मृतक सदस्य की अस्थियां ब्यास नदी में विसर्जित करने जा रहा था और अधिकांश पीड़ित एक ही परिवार के सदस्य थे।

सिविल अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. निखिल गुप्ता ने बताया कि गंभीर रूप से घायल कई लोगों को बेहतर उपचार के लिए फरीदकोट स्थित गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है।पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button