भोपालमध्य प्रदेश

नीट धांधली के विरोध में भोपाल में सड़कों पर उतरी कांग्रेस, उग्र प्रदर्शन पर पुलिस ने चलाईं पानी की बौछारें

नीट धांधली के विरोध में भोपाल में सड़कों पर उतरी कांग्रेस, उग्र प्रदर्शन पर पुलिस ने चलाईं पानी की बौछारें

भोपाल, यशभारत। नीट परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक मामले को लेकर राजधानी भोपाल में शुक्रवार को जमकर सियासी संग्राम हुआ। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के देशव्यापी आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने उग्र प्रदर्शन किया। इसके बाद जब कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने आगे बढ़े, तो पुलिस ने रेडक्रॉस चौराहे पर भारी बैरिकेडिंग करके उन्हें रोक लिया। कार्यकर्ताओं के न मानने पर पुलिस ने पांच बार वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिससे चौराहे पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

बैरिकेडिंग पर चढ़े एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष
प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय बेहद तनावपूर्ण हो गया जब एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ खुद पुलिस की बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बार-बार पानी की बौछारें छोड़ीं, लेकिन कार्यकर्ता पीछे हटने को तैयार नहीं थे। पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया था और पीसीसी के चारों ओर भारी पुलिस बल और वज्र वाहन तैनात रहे।

​दिग्विजय-जीतू समेत दिग्गजों ने संभाला मोर्चा
इस बड़े प्रदर्शन में छात्रों को समर्थन देने कांग्रेस के दिग्गज नेता भी सड़कों पर उतरे। प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, सुखदेव पांसे और कमलेश्वर पटेल शामिल हुए। नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करने की चेतावनी दी।

नैतिक जिम्मेदारी लें शिक्षा मंत्री, दें इस्तीफा: दिग्विजय सिंह
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि नीट परीक्षा में हुई गड़बड़ियों ने देश की साख को ठेस पहुँचाई है। उन्होंने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस पूरे मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने साफ किया कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, यह आंदोलन थमेगा नहीं।

मंच पर अव्यवस्था देख बिफरे नेता, दिग्विजय ने जाने से किया इनकार
प्रदर्शन के दौरान भारी भीड़ के कारण मंच पर अव्यवस्था की स्थिति भी देखने को मिली। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के मंच पर चढ़ जाने के कारण अफरा-तफरी मच गई, जिसे देखकर दिग्विजय सिंह ने शुरुआत में मंच पर जाने से मना कर दिया। स्थिति को संभालते हुए पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और कमलेश्वर पटेल ने माइक संभालकर कार्यकर्ताओं को नीचे उतरने के निर्देश दिए। इसके बाद वरिष्ठ नेताओं ने दिग्विजय सिंह को सम्मानपूर्वक मंच तक पहुँचाया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button