भोपालमध्य प्रदेश

लॉरेंस गैंग ने सोना व्यापारी से 10 करोड़ की मांगी फिरौती, बाबा सिद्दीकी जैसा हश्र करने की धमकी

लॉरेंस गैंग ने सोना व्यापारी से 10 करोड़ की मांगी फिरौती, बाबा सिद्दीकी जैसा हश्र करने की धमकी

भोपाल, यशभारत। राजधानी के पॉश इलाके कोलार में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कुख्यात लॉरेंस गैंग के नाम पर शहर के एक प्रतिष्ठित सोना व्यापारी और समाजसेवी को अंतरराष्ट्रीय नंबरों से कॉल कर 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है। फिरौती न देने पर व्यापारी को जान से मारने और बाबा सिद्दीकी जैसा हश्र करने की धमकी दी गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हैरी बॉक्सर बनकर आया कॉल
पुलिस के अनुसार, पार्वती नगर (कोलार) निवासी गौरव जैन (42), जो सोने के व्यापारी हैं, को 18 मार्च की रात करीब 10:30 बजे पहला व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का गुर्गा हैरी बॉक्सर बताया। आरोपी ने व्यापारी से कहा, कल तक सोच लेना, अपने सारे हितैषियों से मिल लेना और मेरे बारे में गूगल पर सर्च कर लेना। शुरुआती तौर पर व्यापारी ने इसे फर्जी समझकर नजरअंदाज कर दिया।
ऑडियो कॉल से दी दहला देने वाली धमकी
शनिवार सुबह एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय नंबर से ऑडियो कॉल आया। जब व्यापारी ने पैसा देने में असमर्थता जताई, तो आरोपी ने लहजा बदलते हुए कहा, पैसों की व्यवस्था कर लो, वरना मेरे गैंग के शूटर आएंगे और तुम्हें कहीं भी निपटा देंगे। जैसा बाबा सिद्दीकी का हुआ, वैसा ही हाल तुम्हारा भी होगा। धमकी देने वाले ने दावा किया कि उसके पास व्यापारी की पूरी कुंडली है और उसने 315 बोर के कट्टे से फायर करने की बात भी कही।
थाना प्रभारी संजय सोनी का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों से भयभीत व्यापारी ने कोलार थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को साक्ष्य के तौर पर कॉल रिकॉर्डिंग, स्क्रीनशॉट और एक पेन ड्राइव सौंपी गई है। मामला बेहद गंभीर है। तकनीकी साक्ष्यों जैसे कॉल डिटेल और व्हाट्सएप रिकॉर्डिंग की बारीकी से जांच की जा रही है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button