भोपालमध्यप्रदेश

भोपाल में दर्दनाक घटना: एक ही घर में मिलीं 4 लाशें, मुखिया का शव रेलवे ट्रैक पर; 5 मौतों से दहला शहर, देखें वीडियो

भोपाल में दर्दनाक घटना: एक ही घर में मिलीं 4 लाशें, मुखिया का शव रेलवे ट्रैक पर; 5 मौतों से दहला शहर, देखें वीडियो 

मालीखेड़ी की मल्टी में पसरा सन्नाटा: मां, पत्नी और दो बच्चों की घर में मौत

सूखी सेवनिया में मिला युवक का शव; हत्या या सामूहिक खुदकुशी में उलझी पुलिस

भोपाल, यश भारत। राजधानी के छोला मंदिर थाना क्षेत्र अंतर्गत मालीखेड़ी में एक ही परिवार के 5 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। गौर मैरिज गार्डन के पास स्थित मल्टी के एक मकान में चार लोगों के शव खून से लथपथ मिले, जबकि परिवार के मुखिया की लाश सूखी सेवनिया क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर पाई गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और मातम का माहौल है।

घर के भीतर पड़े थे चार शव, ट्रैक पर मिला मुखिया

घटना की सूचना मिलते ही छोला मंदिर थाना पुलिस, सूखी सेवनिया पुलिस और फोरेंसिक  की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घर का दरवाजा खोलने पर पुलिस को अंदर नरेंद्र साहू की मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति साहू (10) और बेटे खुश साहू (6) के शव मिले।

इसी दौरान सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां स्थित रेलवे ट्रैक पर परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू (35) का शव मिलने की पुष्टि हुई।

हत्या या आत्महत्या? हर पहलू पर पड़ताल में जुटी पुलिस

फिलहाल यह पूरी तरह साफ नहीं हो सका है कि यह सामूहिक आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई गहरी रंजिश व हत्या की आशंका है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि क्या नरेंद्र साहू ने परिजनों की हत्या के बाद खुदकुशी की या फिर पूरा परिवार किसी बड़ी साजिश का शिकार हुआ है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेज दिया गया है। घटनास्थल से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास के लोगों व पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के सही कारणों और घटना के पीछे की वास्तविक स्थिति का खुलासा हो सकेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button