सुनील पाटीदार होंगे भोपाल लोकायुक्त के नए एसपी, तीन जिलों के पुलिस अधीक्षक बदले

सुनील पाटीदार होंगे भोपाल लोकायुक्त के नए एसपी, तीन जिलों के पुलिस अधीक्षक बदले
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश विशेष पुलिस स्थापना में प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। लोकायुक्त संगठन की संभागीय इकाइयों में पदस्थ पुलिस अधीक्षकों को प्रशासनिक कारणों से अस्थाई रूप से आगामी आदेश तक नए प्रभार सौंपे गए हैं। महानिदेशक योगेश देशमुख द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के तहत तीन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के तबादले किए गए हैं, जिसमें भोपाल संभाग की कमान अब सुनील पाटीदार को सौंपी गई है।
आदेश के मुताबिक, रीवा संभाग में पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत सुनील पाटीदार को अब विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त कार्यालय, भोपाल संभाग का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, भोपाल संभाग में अब तक अपनी सेवाएं दे रहे पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार राठौर का स्थानांतरण कर उन्हें विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त कार्यालय, सागर संभाग भेजा गया है।
इसी कड़ी में, सागर संभाग में पदस्थ पुलिस अधीक्षक योगेश्वर शर्मा को भी स्थानांतरित किया गया है। उन्हें अब विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त कार्यालय, रीवा संभाग में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।








