राजबाड़ा पर सिटी बस ने तीन लोगों को कुचला, एक की मौत; दो गंभीर घायल
चालक की लापरवाही से हादसा

इंदौर, यश भारत। इंदौर में रविवार को राजबाड़ा इलाके में सरकारी सिटी बस (पीएम बस सेवा) की चपेट में आने से तीन लोग घायल हो गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। फिलहाल तीनों की पहचान नहीं हो सकी है। हादसे के बाद राजबाड़ा पर मौजूद लोगों ने बस को घेर लिया और उसमें सवार यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने बस पर पथराव शुरू कर दिया। ईंट-पत्थर मारकर बस के कांच भी फोड़ दिए गए। घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
चालक की लापरवाही से हादसा
एमजी रोड थाना प्रभारी विजय सिसौदिया के मुताबिक, हादसा राजबाड़ा क्षेत्र में हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सिटी बस चालक की लापरवाही के चलते सड़क से गुजर रहे तीन लोग बस की चपेट में आ गए। हादसे के तुरंत बाद तीनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। एक व्यक्ति को एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस जुटा रही पहचान की जानकारी
पुलिस के मुताबिक मृतक और दोनों घायलों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान के लिए आवश्यक जानकारी जुटा रही है। पहचान होने के बाद उनके परिजनों को घटना की सूचना दी जाएगी। पुलिस ने हादसे के कारणों और बस चालक की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।







