मुख्य ख़बरें

पुलिस वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत : ग्रामीणों ने जताई नाराजगी, पुलिस कर रही जांच…हड़कंप, देखें पूरा वीडियो

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के बरघाट थाना क्षेत्र के ग्राम खूट के पास सड़क हादसे में बाइक सवार 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रविन्द्र पटले के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविन्द्र बाइक से जा रहा था, इसी दौरान सामने से आ रहे पुलिस वाहन से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि रविन्द्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार रात ग्राम खूट के समीप हुआ। पुलिस वाहन में 36वीं बटालियन के कुछ जवान सवार थे, जो बालाघाट से सिवनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस वाहन और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे में बाइक सवार रविन्द्र पटले गंभीर रूप से घायल हुआ और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा गया। लोगों ने घटना को लेकर मौके पर हंगामा किया और हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की। सूचना मिलने पर बरघाट पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।

बरघाट थाना प्रभारी मोहनीश वेस ने बताया कि बालाघाट से 36वीं बटालियन के कुछ पुलिस जवान पुलिस वाहन से सिवनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वाहन की बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हुई है। पुलिस द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही वाहन और बाइक की स्थिति तथा प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दुर्घटना किस परिस्थिति में हुई और दोनों वाहनों की गति कितनी थी। जांच पूरी होने के बाद हादसे के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button