10 जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बदले – 2024 बैच के 9 सहायक कलेक्टरों को मिली अनुविभागीय अधिकारी की जिम्मेदारी

10 जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बदले
– 2024 बैच के 9 सहायक कलेक्टरों को मिली अनुविभागीय अधिकारी की जिम्मेदारी
भोपाल, यश भारत । प्रदेश में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में 2016 से 2024 बैच तक के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। तबादला सूची में 10 जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बदले गए हैं। इसके अलावा ग्वालियर और सतना नगर निगम के आयुक्तों का भी तबादला किया गया है। तबादला आदेश के तहत कई अधिकारियों को जिला पंचायतों में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अपर कलेक्टर और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं कुछ अधिकारियों को राज्य शासन के विभिन्न विभागों में उप सचिव तथा नगर निगमों में आयुक्त और अपर आयुक्त के पद पर पदस्थ किया गया है।
ग्वालियर-सतना निगम आयुक्त बदले
2018 बैच के अभिषेक चौधरी को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत धार के पद से हटाकर नगर निगम ग्वालियर का आयुक्त बनाया गया है। वहीं ग्वालियर नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सिंगरौली की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
2019 बैच के डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत खंडवा से नगर निगम सतना का आयुक्त बनाया गया है। उन्हें मुख्य कार्यपालन अधिकारी, स्मार्ट सिटी सतना का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
इन जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बदले
सागर में जगदीश कुमार गोमे, सिंगरौली में संघ प्रिय, देवास में नवीन कुमार धुर्वे, सीधी में सौम्या आनंद, बड़वानी में अर्पित गुप्ता, बालाघाट में तनुश्री मीणा, श्योपुर में कार्तिकेय जायसवाल, टीकमगढ़ में विशाल धाकड़ और खंडवा में ईश्वर्य वर्मा को जिला पंचायत का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। धार के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक चौधरी को नगर निगम ग्वालियर का आयुक्त बनाया गया है।
2016 और 2018 बैच के अधिकारियों को नई जिम्मेदारी
2016 बैच की संजना जैन को अपर कलेक्टर मैहर से उप सचिव, जल संसाधन विभाग बनाया गया है। वहीं जगदीश कुमार गोमे को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सिंगरौली से मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सागर भेजा गया है।
2018 बैच के अक्षय कुमार तेजपाल को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत दतिया से अपर आयुक्त, नगर निगम भोपाल बनाया गया है। ज्योति शर्मा को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत देवास से उप सचिव बनाया गया है। अंजली जोसेफ जोनाथन को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत हरदा से उप सचिव, लोक निर्माण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
2019 से 2021 बैच तक फेरबदल
2019 बैच की काजल जावला को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बड़वानी से अपर मिशन संचालक, राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल भेजा गया है। अनिल कुमार डामोर को अपर कलेक्टर विदिशा से उप सचिव, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग बनाया गया है।
2020 बैच के अभिषेक सराफ को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बालाघाट से अपर आयुक्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग भोपाल की जिम्मेदारी दी गई है। विवेक के.डी. को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सागर से मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जबलपुर विकास प्राधिकरण बनाया गया है। 2021 बैच की सौम्या आनंद को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सीधी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
2022 बैच के अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी
2022 बैच के ईश्वर्य वर्मा को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत खंडवा, कार्तिकेय जायसवाल को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्योपुर और विशाल धाकड़ को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत टीकमगढ़ बनाया गया है।
आशीष को अपर आयुक्त, नगर निगम इंदौर की जिम्मेदारी दी गई है। सोनाली देव को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), बिछिया से उप सचिव, मध्यप्रदेश शासन बनाया गया है। अर्पित गुप्ता को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), बैहर से मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बड़वानी और तनुश्री मीणा को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), पेटलावद से मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बालाघाट भेजा गया है।
2024 बैच के नौ सहायक कलेक्टर बने अनुविभागीय अधिकारी
प्रशासनिक फेरबदल में 2024 बैच के नौ सहायक कलेक्टरों को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। आशीष कुमार को बीना-सागर, अनिकेत शांडिल्य को बैहर-बालाघाट, आकाश अग्रवाल को मझौली-सीधी, पाटिल आशीष अशोक को कुक्षी-धार, सुशील श्रीकृष्ण श्रीराम को देवसर-सिंगरौली, कुलदीप पटेल को बिछिया-मंडला, जमादार फरहान इरफान को शाहपुरा-डिंडोरी, ठाकुर ऋत्विक विजय को बिजावर-छतरपुर और नवकीरण कौर को उदयपुरा-रायसेन का अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बनाया गया है।
2022 बैच की श्रद्धा शुक्ला को फिलहाल पदस्थापना की प्रतीक्षा में रखते हुए अपर कलेक्टर, जिला खंडवा के पद पर पदस्थ किया गया है। आदेश में उनके लिए कनिष्ठ वेतनमान का भी उल्लेख किया गया है।
सरकार के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल में जिलों से लेकर नगरीय निकायों और राज्य शासन के विभागों तक अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। खास तौर पर जिला पंचायतों और नगर निगमों में नई पदस्थापनाओं से स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव देखने को मिलेगा।






