
बांद्रा में रेलवे की 11 एकड़ भूमि की नीलामी 5,400 करोड़ की बड़ी बोली
मुंबई, यश भारत रेलवे की संपत्तियों के व्यावसायिक उपयोग की दिशा में एक बड़ा कदम सामने आया है। बांद्रा पूर्व स्थित रेलवे की प्राइम 11 एकड़ भूमि की नीलामी में 5,400 करोड़ रुपये की भारी-भरकम बोली लगी है। यह नीलामी मुंबई के रियल एस्टेट और बुनियादी ढांचा विकास के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार यह भूमि लंबे समय से रेलवे के पास अनुपयोगी पड़ी थी। अब इसके व्यावसायिक विकास से न केवल रेलवे को बड़ा राजस्व प्राप्त होगा बल्कि मुंबई के पूर्वी उपनगरों में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और व्यावसायिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक इस नीलामी से प्राप्त राशि का उपयोग रेलवे अधोसंरचना के विकास, यात्रियों की सुविधाओं में सुधार और सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किया जाएगा। विशेष रूप से मुंबई लोकल रेल सेवाओं के विस्तार, आधुनिकीकरण और क्षमता वृद्धि में यह धन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बांद्रा पूर्व क्षेत्र पहले से ही व्यावसायिक और आवासीय दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में इस भूमि के विकास से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होने, यातायात सुविधाओं में सुधार और शहरी विकास को नई दिशा मिलने की संभावना जताई जा रही है।
रेलवे की इस सफल नीलामी को सरकारी संपत्तियों के सार्थक, पारदर्शी और प्रभावी उपयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है।







