सुलगते धुएं ने उगला चोरी का राज: किसानों की मेहनत पर पानी फेरते दो शातिर रंगे हाथों गिरफ्तार

गोटेगांव/नरसिंहपुर। पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन एवं अति. पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गोटेगांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
एसडीओपी गोटेगांव लोकेश मार्को के नेतृत्व में गठित टीम ने खेत से ट्यूबवेल की केबल और कृषि उपकरण चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है।
जंगल में केबल जलाते रंगे हाथों पकड़ाए
दिनांक 31 अक्टूबर एवं 1 नवंबर की रात फरियादी के खेत से 250 मीटर ट्यूबवेल कॉपर लीड, एल्युमिनियम बैंड, टी, स्टॉपर व 7 पीतल के नोजल चोरी हो गए थे। रिपोर्ट पर थाना गोटेगांव में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सौहजनी से लाठगांव के बीच जंगल में कुछ लोग केबल जला रहे हैं। टीम ने तत्काल दबिश देकर दो युवकों को पकड़ा।
आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम बसंत उर्फ संतु चौधरी पिता दशरथ चौधरी उम्र 25 वर्ष एवं नीरज चौधरी पिता राजेश चौधरी उम्र 25 वर्ष निवासी बगासपुर बताया और चोरी करना कबूल किया।
पुलिस ने उनके कब्जे से जली हुई 250 मीटर कॉपर लीड, एल्युमिनियम-पीतल के उपकरण कीमत 34,000 एवं वारदात में प्रयुक्त नीले रंग की बिना नंबर की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल कीमत 40,000 कुल 74,000 का मशरूका जब्त किया। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।







