मुख्य ख़बरें

तस्कर कार से ढो रहे शराब : 10 पेटी अवैध शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

दमोह। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मड़ियादो पुलिस ने टाटा पंच कार से ले जाई जा रही 10 पेटी अवैध शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत करीब 39 हजार रुपये, जबकि कार की अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।

पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति स्लेटी रंग की टाटा पंच कार क्रमांक MP-13-ZS-4252 से बर्धा से मड़ियादो की ओर अवैध शराब लेकर आ रहे हैं। सूचना की पुष्टि और आवश्यक कार्रवाई के बाद मड़ियादो पुलिस टीम ने ग्राम कनकपुरा के पास मड़ियादो-बर्धा मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोक लिया।

डिक्की में मिले शराब के 10 कार्टून

वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की से खाकी रंग के 10 कार्टून बरामद हुए। इनमें कुल 500 पाव, लगभग 90 लीटर शराब रखी हुई थी। पुलिस ने शराब के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन दोनों व्यक्ति कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस ने मौके से संदीप राजपूत (29), निवासी सुजान तलैया, थाना गैसाबाद तथा उमेश सिंह (30), निवासी का पता प्रेस नोट में स्पष्ट नहीं है, को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से 39 हजार रुपये की शराब और करीब 5 लाख रुपये कीमत की टाटा पंच कार जब्त की गई। मामले में अपराध क्रमांक 154/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में प्रकरण दर्ज किया गया। पूछताछ के बाद आरोपियों को विधिवत न्यायालय में पेश किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के निर्देशन तथा एसडीओपी कृष्णपाल सिंह के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में मड़ियादो थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रीति पांडेय, चौरईया चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सरदार सिंह, प्रधान आरक्षक रनमत और आरक्षक नरेंद्र सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button