डिवाइडर से टकराकर पलटी एम्बुलेंस, राहगीरों ने मरीज को निकाला बाहर , देखे वीडियो ….

जबलपुर, यशभारत। कैंट थाना क्षेत्र में रविवार रात मरीज को अस्पताल लेकर जा रही एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे के बाद एम्बुलेंस चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे राहगीरों ने एम्बुलेंस में फंसे मरीज और उसके परिजनों को बाहर निकाला। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक कार चालक ने मानवता दिखाते हुए मरीज और उसके परिजनों को अपनी कार में बैठाया और अस्पताल के लिए रवाना हो गया।
जानकारी के अनुसार एम्बुलेंस क्रमांक सीजी-04-एनबी-6366 रविवार रात बरेला की ओर से एक मरीज को अस्पताल लेकर जा रही थी। रात करीब पौने दस बजे कैंट स्थित सीईओ बंगले के पास अचानक एम्बुलेंस अनियंत्रित हो गई और सड़क के डिवाइडर से जोरदार टक्कर के बाद पलट गई। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और एम्बुलेंस में सवार मरीज व उसके परिजनों को बाहर निकाला।
हादसे के बाद चालक एम्बुलेंस को मौके पर छोड़कर भाग गया। घटना की सूचना मिलने पर कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस चालक की तलाश के साथ ही एम्बुलेंस में सवार मरीज और उसके परिजनों की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।







