भोपालमध्यप्रदेश

भोपाल के बाजारों में धनतेरस की बहार: एक हजार करोड़ से अधिक के कारोबार की उम्मीद

भोपाल के बाजारों में धनतेरस की बहार: एक हजार करोड़ से अधिक के कारोबार की उम्मीद

सराफा से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स तक छाए उत्साह के रंग

भोपाल, यशभारत। राजधानी में आज शुक्रवार को मनाए जा रहे धनतेरस के पावन पर्व पर बाजारों में बंपर कारोबार की उम्मीद है। सोना-चांदी, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, सजावटी सामान और आतिशबाजी के बाजारों में सुबह से ही ग्राहकों की भारी चहल-पहल देखने को मिल रही है। कारोबारी अनुमानों के मुताबिक, इस बार भोपाल में धनतेरस पर 1000 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने की संभावना है, जो शहर की अर्थव्यवस्था को एक नई रफ्तार देगा।

सराफा बाजार में ₹150 करोड़ पार का अनुमान, हल्के वजन की ज्वेलरी और सिक्कों की मांग

त्योहार पर सबसे अधिक रौनक सराफा बाजार में है। सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच भी ग्राहकों का उत्साह कम नहीं हुआ है। श्री सराफा एसोसिएशन चौक के सचिव अखिलेश मित्तल के अनुसार, इस दिवाली सीजन में भोपाल का सोना-चांदी कारोबार 150 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर सकता है, जो पिछले साल करीब 100 से 125 करोड़ रुपये के बीच रहा था। ग्राहक पहले से ही अपनी पसंद के गहनों की एडवांस बुकिंग करा रहे हैं। वहीं, कारोबारी राजेश अग्रवाल बताते हैं कि कीमतों में बदलाव के चलते इस बार भारी गहनों के बजाय एक, दो और तीन ग्राम की लाइटवेट ज्वेलरी तथा चांदी के सिक्कों की जबरदस्त मांग बनी हुई है।

इलेक्ट्रॉनिक्स और होम अप्लायंसेज पर विशेष ऑफर

परंपरागत खरीदारी के साथ-साथ इस बार इलेक्ट्रॉनिक बाजार में भी बूम देखने को मिल रहा है। एमपी नगर और शहर के प्रमुख शोरूम्स में टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, माइक्रोवेव और स्मार्टफोन्स की खरीदारी के लिए मध्यमवर्गीय परिवारों की भीड़ जुटी है। कंपनियों और शोरूम संचालकों द्वारा दी जा रही आकर्षक छूट, आसान किस्तों और एक्सचेंज ऑफर्स ने ग्राहकों के लिए खरीदारी को और सुगम बना दिया है।

डिजाइनर दीयों और एलईडी लाइटिंग से सज रहे घर

घरों और प्रतिष्ठानों को रोशन करने के लिए इस बार पारंपरिक मिट्टी के दीयों के साथ-साथ रंग-बिरंगी एलईडी झालरों, डिजाइनर लैंप, कृत्रिम फूलों की मालाओं और आधुनिक बंदनवारों का खास ट्रेंड है। न्यू मार्केट, चौक बाजार से लेकर शहर के विभिन्न हिस्सों में सजी दुकानों और फुटपाथों पर खरीदारी का माहौल है, जिससे स्थानीय कुम्हारों और छोटे दुकानदारों को भी बेहतरीन कारोबार का अवसर मिल रहा है। इसके साथ ही, हलालपुर स्थित पटाखा बाजार में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच आतिशबाजी की बिक्री शुरू हो चुकी है।

प्रमुख बाजारों में कारोबार की स्थिति

चौक बाजार:सोना-चांदी, पीतल, तांबा, स्टील के बर्तन और पारंपरिक पूजा सामग्री।
न्यू मार्केट: डिजाइनर लाइटिंग, घर सजाने का सामान, गिफ्ट आइटम्स और वस्त्र।
एमपी नगर: इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल और घरेलू उपकरणों के बड़े शोरूम।
दस नंबर व बिट्टन मार्केट: फैशन, परिधान और रोजमर्रा की जरूरतें।
जुमेराती: थोक व फुटकर किराना और त्योहार से जुड़ा अन्य सामान।
हलालपुर: पटाखों की अधिकृत दुकानें।

खरीदारी और पूजन के शुभ मुहूर्त

ज्योतिषाचार्य पंडित जगदीश शर्मा के अनुसार, धनतेरस पर त्रयोदशी तिथि 6 नवंबर को सुबह 10:31 बजे से शुरू होकर अगले दिन 7 नवंबर को सुबह 10:48 बजे तक रहेगी। दिनभर खरीदारी के लिए कई शुभ चौघड़िया मुहूर्त उपलब्ध हैं:

दोपहर का शुभ मुहूर्त: 12:04 से 1:28 बजे तक
सायंकालीन मुहूर्त: 4:15 से 5:39 बजे तक
रात्रि लाभ चौघड़िया: 8:52 से 10:28 बजे तक
धन्वंतरि पूजन (प्रदोष काल): शाम 5:39 से रात्रि 8:13 बजे तक
वृषभ लग्न (महालक्ष्मी और धन्वंतरि पूजन का विशेष समय): शाम 6:11 से रात्रि 8:09 बजे तक रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button