वंदन पर भाजपा का कांग्रेस पर प्रहार, अश्विनी परांजपे बोलीं नारी सम्मान पर राजनीति बंद करे विपक्ष

वंदन पर भाजपा का कांग्रेस पर प्रहार, अश्विनी परांजपे बोलीं नारी सम्मान पर राजनीति बंद करे विपक्ष
भोपाल यश भारत। मध्यप्रदेश विधानसभा सत्र के समापनप के बाद भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस महिलाओं के अधिकारों के मुद्दे पर गंभीर नहीं है और केवल राजनीतिक लाभ के लिए बयानबाजी कर रही है। अश्विनी परांजपे ने कहा कि महिलाओं को आरक्षण देने का संकल्प देश में नारी सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है लेकिन कांग्रेस इस मुद्दे पर भ्रम फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के अधिकारों को लेकर प्रतिबद्ध है और इसे जमीन पर लागू करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब जब महिलाओं के अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले सामने आते हैं तब विपक्ष सहयोग करने के बजाय विरोध की राजनीति करता है। महिला वंदन जैसे संवेदनशील विषय पर भी कांग्रेस का रुख निराशाजनक है। भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि देश और प्रदेश की महिलाएं अब जागरूक हो चुकी हैं और वे यह समझती हैं कि कौन उनके अधिकारों के लिए ईमानदारी से काम कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में और भी ठोस कदम उठाए जाएंगे। इस बयान के साथ ही महिला आरक्षण को लेकर प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है और सत्ता-विपक्ष के बीच बयानबाजी का दौर तेज हो गया है।







