बरगी बांध क्रूज हादसा: मृतकों की सूची सामने आई, 6 की मौत, कई अब भी लापता
तेज हवा में पलटा क्रूज, देर रात तक चलता रहा रेस्क्यू ऑपरेशन

बरगी बांध क्रूज हादसा: मृतकों की सूची सामने आई, 6 की मौत, कई अब भी लापता
तेज हवा में पलटा क्रूज, देर रात तक चलता रहा रेस्क्यू ऑपरेशन
जबलपुर, यश भारत। बरगी बांध में गुरुवार शाम हुए दर्दनाक क्रूज हादसे के बाद मृतकों की सूची सामने आ गई है। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 10 से अधिक लोगों के अब भी लापता होने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6:30 बजे पर्यटकों से भरा क्रूज बरगी बांध में लौट रहा था। इसी दौरान तेज हवा और पानी के बहाव के बीच क्रूज अनियंत्रित होकर पलट गया। देखते ही देखते चीख-पुकार मच गई और सभी यात्री पानी में जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूत्रों के मुताबिक, कुछ यात्रियों ने लाइफ जैकेट के सहारे तैरकर अपनी जान बचाई, वहीं कई लोगों को रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। बरगी से तीन एंबुलेंस मेडिकल कॉलेज रवाना की गईं। एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें देर रात तक सर्च ऑपरेशन में जुटी रहीं।
हादसे में जिन मृतकों के नाम सामने आए हैं उनमें नीतू सोनी (43) निवासी कोतवाली जबलपुर, सोमाध्यम अलागन (42) निवासी तिरुपुर तमिलनाडु, मधुर मैसी (62) निवासी नई दिल्ली, काकुलक्षी (38) निवासी खमरिया, रेशमा तैय्यद (66) और शमीम नकवी (66) शामिल हैं।
घटना के बाद बरगी बांध क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन लगातार लापता लोगों की तलाश में जुटा हुआ है और हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।







