भोजशाला मामले में सुप्रीम कोर्ट जाने के संकेत, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील , ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी
Indications of approaching the Supreme Court in the Bhojshala case, appeal to maintain social harmony

भोजशाला मामले में सुप्रीम कोर्ट जाने के संकेत, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील
भोपाल यश भारत। धार भोजशाला मामले में मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के फैसले के बाद मुस्लिम पक्ष ने सुप्रीम कोर्ट जाने के संकेत दिए हैं। ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी और मस्जिद कमेटी से जुड़े प्रतिनिधियों ने कहा है कि फैसले की विस्तृत प्रति का अध्ययन करने के बाद आगे की कानूनी रणनीति तय की जाएगी। मुस्लिम पक्ष के प्रतिनिधि समसुल हसन ने कहा कि अदालत का फैसला आस्था या उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आया है इसलिए उसकी कॉपी का गहन अध्ययन किया जाएगा। इसके बाद ही यह निर्णय लिया जाएगा कि मामले को सुप्रीम कोर्ट में किस प्रकार प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी और मस्जिद कमेटी इस मामले में सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटा सकती हैं। समसुल हसन ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से भोजशाला परिसर में यथास्थिति बनाए रखने की मांग की। उन्होंने अपील की कि पूर्व से चली आ रही पूजा और नमाज की व्यवस्था को यथावत जारी रखा जाए ताकि किसी भी प्रकार का तनाव उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान हिंदू मुस्लिम सिख और ईसाई भाईचारे का देश है और सभी समुदायों को आपसी सौहार्द बनाए रखना चाहिए। उन्होंने लोगों से धार्मिक भावनाओं को भड़काने से बचने की अपील करते हुए कहा कि मस्जिदों के नीचे मंदिर और मंदिरों के नीचे मस्जिद तलाशने की प्रवृत्ति देश के सामाजिक ताने बाने को कमजोर कर सकती है। मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान करते हुए कानूनी विकल्पों पर विचार किया जाएगा लेकिन समाज में शांति और भाईचारा बनाए रखना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से भी संवेदनशीलता और संतुलन के साथ स्थिति संभालने की मांग की।







