भोपालमध्य प्रदेश

मोबाइल और सारा सामान छोड़ रात 3 बजे गायब हुआ छात्र, कोलार पुलिस जांच में जुटी

मोबाइल और सारा सामान छोड़ रात 3 बजे गायब हुआ छात्र, कोलार पुलिस जांच में जुटी

भोपाल यशभारत। राजधानी के कोलार थाना क्षेत्र से ऑनलाइन जेईई की तैयारी कर रहा एक 19 वर्षीय छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। लापता छात्र की पहचान कृष धाकड़ के रूप में हुई है, जो पिछले दो साल से कोलार रोड स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर पर रहकर परीक्षा की तैयारी कर रहा था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 19 जून की दरमियानी रात की है। कृष रात करीब 3 बजे अचानक अपने कमरे से गायब हो गया। सुबह जब काफी देर तक वह अपने कमरे से बाहर नहीं आया, तो रिश्तेदारों ने जाकर देखा। वह कमरे में नहीं था और अचरज की बात यह थी कि कृष अपना मोबाइल फोन, पर्स और अन्य सारा जरूरी सामान कमरे में ही छोड़ गया था।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
परिजनों ने अपने स्तर पर हर संभावित जगह और दोस्तों के यहाँ कृष की तलाश की, लेकिन जब उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने कोलार थाने में मामला दर्ज कराया। कोलार पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गुमशुदगी दर्ज कर ली है। पुलिस अब कोलार रोड और आसपास के मुख्य चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह रात के वक्त किस ओर गया है।

मानसिक दबाव की आशंका
शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि ऑनलाइन जेईई जैसी कठिन और देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक की तैयारी के चलते छात्र अत्यधिक मानसिक तनाव में हो सकता है। पुलिस इस बिंदु को ध्यान में रखकर उसके दोस्तों और सहपाठियों से भी पूछताछ कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button