गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा: एक ही परिवार के तीन समेत चार युवक डूबे, तेज बहाव में तलाश जारी
फर्रुखाबाद,,यश भारत

फर्रुखाबाद,,यश भारत । पांचाल घाट पर सोमवार तड़के कांवड़ भरने से पहले गंगा स्नान करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। शाहजहांपुर जिले के एक गांव से कांवड़ लेकर पहुंचे चार युवक गंगा के गहरे पानी में डूब गए। इनमें एक ही परिवार के तीन लोग शामिल हैं। हादसे के बाद पुलिस, स्थानीय गोताखोर और एनडीआरएफ की टीम ने तलाश शुरू कर दी, लेकिन गंगा का बहाव तेज होने के कारण दोपहर तक चारों का पता नहीं चल सका।
जानकारी के अनुसार, शाहजहांपुर जिले के नयागांव खुदागंज निवासी योगेश (17), उसके चाचा विकास (25), चचेरे चाचा कमल (23) और गांव का अर्जुन (17) रविवार देर रात करीब दस लोगों के साथ पांच बाइकों से कांवड़ लेकर पांचाल घाट पहुंचे थे। सोमवार तड़के करीब 4:30 बजे सभी उत्तरी बंधा के पास स्नान करने पहुंचे।चारों युवक गंगा में स्नान करते हुए धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर जाने लगे। घाट पर मौजूद उनके साथियों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें गहरे पानी में जाने से रोकने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। कुछ ही देर बाद चारों युवक पानी में गोते खाने लगे। उन्हें डूबता देखकर घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन देखते ही देखते चारों गंगा में लापता हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आरती सिंह मौके पर पहुंचीं और परिजनों से जानकारी ली। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम के साथ स्थानीय गोताखोरों को भी तलाश में लगाया गया। गंगा का बहाव तेज होने के कारण राहत एवं बचाव दल को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।सीओ सिटी अभय वर्मा ने बताया कि गंगा में डूबे चारों युवकों की तलाश लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को लगातार गहरे पानी में जाने से रोका जाता है। इसके बावजूद चारों युवक गहरे पानी में चले गए, जिसके बाद यह हादसा हुआ।







