भोपालमध्य प्रदेश

एम्स भोपाल में सीनियर रेजिडेंट और रिसर्च प्रोजेक्ट के पदों पर भर्ती, 26 मार्च तक करें आवेदन

एम्स भोपाल में सीनियर रेजिडेंट और रिसर्च प्रोजेक्ट के पदों पर भर्ती, 26 मार्च तक करें आवेदन

भोपाल, यशभारत। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल में मेडिकल ग्रेजुएट्स और रिसर्च क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए भर्ती का बड़ा अवसर सामने आया है। संस्थान ने सीनियर रेजिडेंट (नॉन-एकेडमिक) के पदों के साथ-साथ आईसीएमआर के एक महत्वपूर्ण शोध प्रोजेक्ट के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन भर्तियों के माध्यम से ट्रॉमा, इमरजेंसी मेडिसिन और ऑन्कोलॉजी जैसे सुपर स्पेशियलिटी विभागों में रिक्त पदों को भरा जाएगा।

सीनियर रेजिडेंट के पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसकी अंतिम तिथि 26 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। इस भर्ती के तहत सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 1500 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों को शुल्क में छूट दी गई है। चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के लेवल-11 के अनुसार 67,700 रुपये मासिक वेतन और अन्य सरकारी भत्ते दिए जाएंगे। इन पदों के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित विषय में एमडी, एमएस या डीएनबी की डिग्री और नेशनल मेडिकल काउंसिल में वैध पंजीकरण होना अनिवार्य है।

संस्थान ने लंबे समय से खाली पड़े बैकलॉग पदों को भरने के लिए भी विशेष अभियान शुरू किया है। इसके अलावा, इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) द्वारा वित्त पोषित एक शोध परियोजना के तहत प्रोजेक्ट टेक्निकल सपोर्ट-III के पद पर भी संविदा भर्ती निकाली गई है। यह प्रोजेक्ट मुख्य रूप से ड्रग रेजिस्टेंस और टीबी डायग्नोस्टिक पर केंद्रित है। इस पद के लिए इच्छुक उम्मीदवार 3 अप्रैल 2026 तक ईमेल के जरिए आवेदन भेज सकते हैं।

आईसीएमआर प्रोजेक्ट के लिए साक्षात्कार 8 अप्रैल को सुबह 9:30 बजे एम्स परिसर में आयोजित किया जाएगा। इस पद के लिए चयनित उम्मीदवार को 33,600 रुपये का समेकित मासिक वेतन मिलेगा। एम्स प्रशासन के अनुसार, सीनियर रेजिडेंट की नियुक्ति शुरुआत में एक साल के लिए होगी, जिसे अधिकतम तीन साल तक बढ़ाया जा सकता है। वहीं, रिसर्च प्रोजेक्ट में अनुभवी उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। विस्तृत जानकारी और आवेदन के लिए अभ्यर्थी एम्स भोपाल की आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button