मध्य प्रदेश

एडीएम कार्यालय का रीडर 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई

फैसले के एवज में मांगी रिश्वत

सिवनी। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने सिवनी जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एडीएम कार्यालय के रीडर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, ग्राम गंगादाना तहसील छपारा निवासी संतोष सिंह सिसोदिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पैतृक भूमि से जुड़े एक प्रकरण में उनके पक्ष में फैसला कराने के लिए लखनादौन एडीएम कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 एवं रीडर माधव प्रसाद तिवारी 30 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे थे। बातचीत के बाद आरोपी 20 हजार रुपये लेने के लिए तैयार हो गया।

शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने मंगलवार को उपभोक्ता फोरम बिल्डिंग स्थित एडीएम कार्यालय सिवनी में जाल बिछाया और आरोपी माधव प्रसाद तिवारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देशन एवं पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में निरीक्षक उमा कुशवाह, निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया तथा लोकायुक्त जबलपुर की टीम द्वारा की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button