ओडिशा से गांजा लेकर शहर पहुंचा आरोपी, मॉडल रोड पर गिरफ्तार, 5 लाख का 10 किलो 168 ग्राम गांजा बरामद
क्राईम ब्रांच एवं थाना मदनमहल पुलिस की संयुक्त कार्यवाही

जबलपुर,यश भारत। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और मदनमहल पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 10 किलो 168 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 5 लाख 8 हजार 400 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक एंड्रायड मोबाइल और गांजा रखने में इस्तेमाल किए गए दो बैग भी जब्त किए हैं। मदनमहल थाना प्रभारी उमेश यादव के अनुसार 12 सितंबर की रात क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मॉडल रोड स्थित लॉयड गैलरी के सामने एक संदिग्ध व्यक्ति बस से उतरकर खड़ा है। उसके पास नीले और हरे रंग के दो बैग हैं। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और मदनमहल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
दो बैगों में मिले 10 पैकेट
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रवि कुमार पिता बबन ओझा, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम इस्माईलपुर, थाना मेंहदिया, जिला अरवल, बिहार बताया। उसका वर्तमान पता बस स्टैंड के पास झारसुगड़ा, ओडिशा बताया गया है। पुलिस ने दोनों बैगों की तलाशी ली तो हरे रंग के बैग में पांच और नीले रंग के बैग में पांच पैकेट मिले। जांच करने पर पैकेटों में गांजा पाया गया। तौल करने पर कुल 10 किलो 168 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
मलखान की भूमिका की भी जांच
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पाटन रोड, जबलपुर के पास रहने वाले गांव के निवासी मलखान नामक व्यक्ति के साथ बस से आया था। तीन पत्ती बस स्टैंड पर मलखान से मिलने की बात थी, इसलिए वह बस से कुछ दूर पहले उतर गया था। आरोपी ने गांजे के संबंध में पूरी जानकारी मलखान के पास होने की बात पुलिस को बताई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में मलखान की भूमिका की जांच के साथ गांजा तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।







