हनीट्रैप के जाल में फंसे युवक ने दी जान, युवती पर 8 लाख की वसूली और ब्लैकमेलिंग का आरोप

हनीट्रैप के जाल में फंसे युवक ने दी जान, युवती पर 8 लाख की वसूली और ब्लैकमेलिंग का आरोप
नगर निगम कर्मी को फर्जी टीआई बनकर डराता था गिरोह, मोबाइल में मिले 161 मिस्ड कॉल और धमकी भरे मैसेज
भोपाल, यशभारत। राजधानी के कोलार थाना क्षेत्र में ब्लैकमेलिंग से तंग आकर एक युवक द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। नगर निगम में ड्राइवर के पद पर पदस्थ 30 वर्षीय सुल्तान खान ने बुधवार को जहरीला पदार्थ (सल्फास) खा लिया, जिसकी इलाज के दौरान एम्स अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि सुल्तान एक शातिर हनीट्रैप गिरोह का शिकार हुआ था, जो उससे अब तक लाखों रुपये ऐंठ चुका था।
प्रेम जाल में फंसाकर बनाए निजी वीडियो
मृतक के भाई सलमान ने पुलिस को बताया कि एक युवती ने पहले सुल्तान को अपने प्रेम जाल में फंसाया और फिर उसके निजी पलों के वीडियो रिकॉर्ड कर लिए। इन वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर युवती और उसके साथियों ने ब्लैकमेलिंग का खेल शुरू किया। परिजनों के अनुसार, पिछले छह महीनों में सुल्तान से करीब 8 लाख रुपये वसूले जा चुके थे। युवक इतना डरा हुआ था कि उसने अपनी जमा-पूंजी के साथ-साथ अन्य स्रोतों से भी पैसे जुटाकर आरोपियों को दिए थे।
फर्जी टीआई बनकर देता था धमकी
इस गिरोह की कार्यप्रणाली बेहद शातिर थी। गिरोह का एक सदस्य खुद को पुलिस थाना प्रभारी (टीआई) बताता था। वह सुल्तान को फोन कर रेप केस में फंसाने और जेल भेजने की धमकी देता था। सुल्तान ने अपने मोबाइल में उस व्यक्ति का नंबर ‘टीआई’ के नाम से ही सेव किया था। पुलिस को मिले सुल्तान के मोबाइल में गाली-गलौज वाले मैसेज और कई धमकी भरे ऑडियो क्लिप मिले हैं। घटना से पहले युवती ने उसे लगातार 161 बार मिस्ड कॉल भी किए थे।
अस्पताल ले जाते समय बयां किया दर्द
परिजनों ने बताया कि जब सुल्तान की हालत बिगड़ी और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, तब उसने युवती और उसके साथियों द्वारा दी जा रही प्रताड़ना की पूरी जानकारी दी। उसने दावा किया कि वह अब तक किस्तों में करीब 15 लाख रुपये दे चुका है, लेकिन उनकी मांगें खत्म नहीं हो रही थीं। बता दें कि एक साल पहले सुल्तान का तलाक हो चुका था और वह अपने दो बच्चों के साथ रहता था। मानसिक अकेलेपन का फायदा उठाकर आरोपियों ने उसे अपना शिकार बनाया।
कोलार पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल चैट, कॉल रिकॉर्ड्स और ट्रांजेक्शन डिटेल्स की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।







