पूमा के नाम-लोगो वाले नकली कपड़ों के कारोबार का खुलासा, 496 नग टीशर्ट-लोवर-हुडी जब्त
दुकान मालिक व नकली कपड़ों की सप्लाई करने वाले के विरूद्ध प्रकरण दर्ज

जबलपुर,यशभारत। कोतवाली पुलिस ने नामी कंपनी पूमा के नाम और लोगो लगे नकली कपड़ों के कारोबार का खुलासा करते हुए दो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने दुकान और सप्लाई के दौरान कुल 496 नग नकली टीशर्ट, लोवर और हुडी जब्त किए हैं। मामले में दुकान संचालक और माल की सप्लाई करने वाले युवक के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार दिल्ली की एक लॉ फर्म के जांच अधिकारी ने पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय से शिकायत की थी कि कोतवाली क्षेत्र में पूमा कंपनी के नाम से मिलते-जुलते नकली कपड़े बेचे जा रहे हैं। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया।
इसी दौरान सूचना मिली कि एक युवक एक्टिवा से नकली कपड़ों की खेप लेकर बड़ा फुहारा की ओर जा रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर तनिष्क जैन (25) को पकड़ा। उसके पास से 36 टीशर्ट और 24 लोवर बरामद हुए। पूछताछ में उसने यह माल गढ़ा फाटक स्थित बड़े बाबा गारमेंट्स से लाकर सप्लाई करना बताया।
इसके बाद पुलिस ने दुकान पर दबिश देकर संचालक खेमचंद जैन (55) को पकड़ा। दुकान की तलाशी में 300 टीशर्ट और 136 हुडी बरामद हुईं। पुलिस ने कुल 496 नकली कपड़े जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 51 एवं 63 कॉपीराइट एक्ट के तहत कार्रवाई की है। कार्रवाई में थाना प्रभारी मानस द्विवेदी सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।







