नदी में डूबे दूसरे बच्चे का शव 26 घंटे बाद बरामद : 30 किलोमीटर दूर किनारे फंसा मिला , क्षेत्र में हड़कंप …. देखें पूरा वीडियो

सतना यश भारत । जैतवारा थाना क्षेत्र के शेरगंज में सेमरावल नदी में रविवार को नहाने के दौरान लापता हुए 11 वर्षीय मिराज का शव बरामद कर लिया गया। करीब 26 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम को सफलता मिली। बच्चे का शव घटनास्थल से करीब 30 किलोमीटर दूर खम्हरिया अकौना के पास नदी किनारे फंसा मिला।
जानकारी के मुताबिक रविवार को शेरगंज बस्ती के छह दोस्त सेमरावल नदी में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान नदी का बहाव अचानक तेज हो गया और 12 वर्षीय अर्श तथा 11 वर्षीय मिराज पानी में बह गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ ने तत्काल तलाश शुरू की। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद अर्श का शव रविवार को ही बरामद कर लिया गया, जबकि मिराज का पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के बाद रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा।
सोमवार सुबह करीब 9 बजे पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया। नदी में तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। संभावित क्षेत्र में करीब 10 किलोमीटर तक जाल लगाकर भी तलाश की गई, लेकिन मिराज का कोई सुराग नहीं मिला।
दोपहर करीब 12 बजे टीम को सूचना मिली कि उधव धाम के पास नदी में एक शव बहता हुआ दिखाई दिया है। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में तलाश शुरू की। करीब 2:30 बजे खम्हरिया अकौना के पास नदी किनारे फंसा शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव की पहचान मिराज के रूप में की और आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे अस्पताल भेज दिया।
दो बच्चों की मौत से बस्ती में पसरा मातम
दो दिन के भीतर शेरगंज बस्ती के दो बच्चों की नदी में डूबने से मौत के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। घटना के बाद दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों के मुताबिक नदी में तेज बहाव के बावजूद बच्चे नहाने पहुंचे थे, जिसके बाद यह दर्दनाक हादसा हुआ।







