चलती कार में युवक ने लहराया हथियार – वीडियो वायरल, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

चलती कार में युवक ने लहराया हथियार
– वीडियो वायरल, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
यशभारत भोपाल। राजधानी में एक बार फिर कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाला मामला सामने आया है। अटल पथ पर एक युवक द्वारा चलती कार में हथियार लहराते हुए वीडियो बनाने का मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो में युवक के हाथ में पिस्टल और कारतूस साफ दिखाई दे रहे हैं, जिसे लेकर शहर भर में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं। जानकारी के अनुसार युवक अपनी कार में तेज रफ्तार से अटल पथ पर चल रहा था और इसी दौरान उसने मोबाइल कैमरे से वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर दिया। वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हडक़ंप मच गया। खुलेआम हथियार प्रदर्शन और सडक़ पर इस तरह के खतरनाक स्टंट ने न सिर्फ कानून व्यवस्था बल्कि आम लोगों की सुरक्षा पर भी सवालिया निशान लगा दिए हैं।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक एक हाथ में स्टीयरिंग और दूसरे हाथ में पिस्टल जैसा हथियार पकड़े हुए है। कार के भीतर पड़े कारतूस भी स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो शहर की सडक़ों पर पुलिस की मौजूदगी और निगरानी प्रणाली पर भी प्रश्न खड़ा करता है कि आखिर किस तरह एक युवक बेखौफ होकर हथियारों के साथ घूमता रहा और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह वीडियो संज्ञान में आते ही जांच शुरू कर दी गई है। साइबर सेल और स्थानीय पुलिस मिलकर वीडियो की लोकेशन, वाहन के नंबर और युवक की पहचान करने में जुट गई हैं। उपलब्ध फुटेज के आधार पर पुलिस उस कार और आरोपी युवक को ट्रेस करने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों ने कहा कि वीडियो में दिख रहा हथियार असली है या नहीं, इस पहलू की भी जांच की जा रही है।
खुलेआम हथियार प्रदर्शन के इस मामले ने शहर के नागरिकों में भी चिंता बढ़ा दी है। सामाजिक संगठनों ने ऐसे मामलों को गंभीर बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं युवाओं में गलत संदेश देती हैं और अपराधियों के हौसले बढ़ाती हैं।







