नाबालिग से छेड़छाड़, आरोपी ने काली मंदिर के पास रोका रास्ता

नाबालिग से छेड़छाड़, आरोपी ने काली मंदिर के पास रोका रास्ता
भोपाल, यशभारत। राजधानी के कोहेफिजा थाना क्षेत्र अंतर्गत नाबालिगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाला एक मामला सामने आया है। काली मंदिर के पास हलालपुरा इलाके में एक 16 वर्षीय किशोरी के साथ अश्लील छेड़छाड़ की गई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने किसी काम से जाने के लिए हलालपुरा क्षेत्र से गुजर रही थी। तभी काली मंदिर के पास आरोपी कैलाश अहिरवार ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपी ने किशोरी के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए अश्लील छेड़छाड़ शुरू कर दी। किशोरी के विरोध करने पर आरोपी मौके से भाग निकला।
पीड़िता ने परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई। बताया जा रहा है कि आरोपी कैलाश अहिरवार पिछले कुछ समय से किशोरी पर नजर रख रहा था और पूर्व में भी उसके साथ इस तरह की हरकतें कर चुका है। बार-बार की प्रताड़ना से तंग आकर अंततः पीड़िता ने कानून की शरण ली।
कोहेफिजा थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







