मध्य प्रदेश

नेशनल हाईवे-43 में हादसा: चलती कार में लगी आग, चालक की सूझबूझ से जनहानि टली

 

शहडोल/उमरिया। जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मोर्चा बाबा फाटक समीप, नेशनल हाईवे- 43 (शहडोल-कटनी) पर एक चलती कार में अचानक आग लग गई। घटना के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। हालांकि, समय रहते चालक की सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। मिली जानकारी अनुसार, कार क्रमांक एमपी20 सीजी8727 शहडोल से जबलपुर की ओर जा रही थी। जिसमें सवार सभी लोग शहडोल निवासी बताए गए हैं। कार में चालक शैलेश सिंह और उनके परिवार की दो महिलाएं मौजूद थीं।

 

यात्रा के दौरान अचानक वाहन से धुआं उठता दिखाई दिया। स्थिति को भांपते हुए चालक शैलेश ने बिना कोई देरी किए, अपनी सूझबूझ का परिचय दिया और तुरंत कार को सड़क किनारे रोक दिया। जिसके बाद उन्होंने, सबसे पहले वाहन में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। तभी कुछ ही पलों में कार के अगले हिस्से से आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास किया।

 

लेकिन, आग इतनी तेज थी कि, कार का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि, वाहन में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण यह हादसा हुआ है। फिलहाल, पुलिस इस मामले की जांच करेगी जिसके बाद ही वास्तविक स्थिति का पता लग सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button