पूर्व न्यायमूर्ति स्वर्गीय चंद्रशेखर धर्माधिकारी का पुण्य स्मरण एवं संस्मरण कार्यक्रम आयोजित हुआ

जबलपुर यश भारत। जीएस महाविद्यालय परिसर में गुरुवार कोपूर्व न्यायमूर्ति स्व. श्री चन्द्रशेखर धर्माधिकारी के जन्मदिवस के अवसर पर उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण किया गया तथा सभागार भवन में एक स्नेहिल संस्मरण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अमरेन्द्र पाण्डेय, प्रबंधमंत्री, शिक्षा मंडल म.प्र. शाखा जबलपुर ने किया। कार्यक्रम में सत्यरंजन धर्माधिकारी डी.एम. धर्माधिकारी तथा आशुतोष धर्माधिकारी ने अपने संस्मरण साझा करते हुए छात्रों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों को धर्माधिकारी जी के प्रेरणादायी एवं आदर्शपूर्ण व्यक्तित्व का स्मरण कराया। इस अवसर पर डॉ. अमरेन्द्र पाण्डेय द्वारा धर्माधिकारी जी के जीवन, कार्य और विचारों पर आधारित पीपीटी प्रस्तुति भी प्रदर्शित की गई।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. पाण्डेय ने महाविद्यालय में स्व. श्री चन्द्रशेखर धर्माधिकारी जी के नाम से जिम स्थापित किए जाने की महत्वपूर्ण घोषणा की, जिससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि दादा धर्माधिकारी जी का साहित्य अब अमेज़ॉन जैसे ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म पर उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग उनके विचारों का लाभ उठा सकें।
संस्मरण कार्यक्रम के उपरांत सभागार में धर्माधिकारी जी का ‘सत्यमेव जयते’ टीवी सीरियल में दिया गया साक्षात्कार भी छात्रों को दिखाया गया, जिसे सभी ने गंभीरता और रुचि के साथ देखा।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, उप-प्राचार्य, समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में प्राचार्य डॉ. एन.सी. त्रिपाठी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए धर्माधिकारी जी के आदर्शों को आत्मसात करने का प्रेरक संदेश दिया।







