जंग का छठा दिन, ईरान ने दागी हाइपरसोनिक Fatah-1 मिसाइल, इजरायल ने रिफाइनरीज और सैन्य कमांड को बनाया निशाना

जंग का छठा दिन, ईरान ने दागी हाइपरसोनिक Fatah-1 मिसाइल, इजरायल ने रिफाइनरीज और सैन्य कमांड को बनाया निशाना
इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष छठे दिन भी जारी है. दोनों ओर से एक-दूसरे पर भीषण बमबारी जारी है. इजरायल रक्षा बलों ने ईरान की रिफाइनरीज और सैन्य कमांड पर हमला कर उन्हें तबाह कर दिया. जबकि ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने दावा किया कि बुधवार को ईरानी बलों ने इजरायल पर किए हालिया हमले में हाइपरसोनिक Fatah-1 मिसाइलें दागीं हैं.
इससे पहले इंटरनेशनल एटोमिक एनर्जी एजेंसी (IAEA) ने पुष्टि की है कि इजरायल ने ईरान की एक परमाणु सुविधा को निशाना बनाया गया है. राष्ट्रपति ट्रंप का दावा है कि अमेरिका का ईरान के एयरस्पेस पर फुल कंट्रोल हो चुका है. ईरान का कहना है कि उसने तेल अवीव में एक प्रमुख खुफिया केंद्र को निशाना बनाया है, जबकि इजरायल ने पुष्टि की है कि नागरिक और सैन्य ठिकानों पर हमले किए गए हैं. भारत ने ईरान में फंसे छात्रों को स्थानांतरित कर दिया है और ईरानी हवाई क्षेत्र से फ्लाइट्स को डायवर्ट कर दिया गया है. हैदराबाद से असदुद्दीन ओवैसी ने विदेश मंत्रालय से इराक में फंसे 120 भारतीयों को निकालने की गुजारिश की है.
ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, ईरान पर इजरायल के हमलों से जान गंवाने वालों की तादाद 220 से ज्यादा हो गई है, जिसमें करीब 70 महिलाएं और बच्चे शामिल हैं. इजरायल पर किए गए ईरानी हमलों में 20 से ज्यादा लोग मारे गए हैं.
हम अब ऑपरेशन राइजिंग लॉयन पर हैं’, बोले इजरायली सेना के प्रवक्ता
इजरायली सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल एफी डेफ्रिन ने बुधवार को बताया कि हम अब ऑपरेशन “राइजिंग लॉयन” पर हैं. हमने ईरान की परमाणु, बैलिस्टिक और कमांड क्षमताओं पर गहरी चोट पहुंचाई है. ईरानी शासन ने परमाणु हथियार के करीब पहुंचने में वर्षों लगा दिए हैं, उन्होंने बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम बनाने में अरबों खर्च किए. पर हमारा मिशन स्पष्ट है- खतरे को उसके स्रोत से हटाना. हम सैन्य ठिकानों पर निशाना साध रहे हैं, वे नागरिक घरों पर हमला कर रहे हैं. हम ईरान से खतरों को दूर करने के लिए काम कर रहे हैं.
ईरान ने इजरायल पर दागीं हाइपरसोनिक मिसाइलें
ईरान-इजरायल के बीच जंग वक्त के साथ और भीषण होती जा रही है. ईरान-इजरायल के बीच लड़ाई छठे दिन में प्रवेश कर गई है. अब जानकारी आ रही है कि ईरान ने इजरायल पर किए हालिया हमले में हाइपरसोनिक मिसाइलें दागीं हैं. ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने बुधवार को कहा कि इजरायल पर हुए हालिया हमले के दौरान हाइपरसोनिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया.
सरकारी टीवी द्वारा जारी एक बयान में गार्ड्स ने दावा किया कि फत्ताह-1 मिसाइलों का इस्तेमाल करके ऑपरेशन ऑनेस्ट प्रॉमिस 3 की 11वीं वेव को अंजाम दिया गया. बयान में दावा किया गया है कि ईरानी बलों ने कब्जे वाले इलाकों के आसमान पर पूरा नियंत्रण हासिल कर लिया है.
ईरान ने इजरायल की ओर दागीं फत्ताह मिसाइलें
ईरानी न्यूज एजेंसी Mehr के मुताबिक, ईरान ने बुधवार को तड़के इजरायल की तरफ फत्ताह मिसाइलें दागी हैं.
सीएनएन ने अपनी रिपोर्ट में बताया, ईरान के मुताबिक, फत्ताह मिसाइलें एक ‘हाइपरसोनिक’ मिसाइल हैं, जो मैक 5 या ध्वनि की गति से पांच गुना (करीब 3,800 मील प्रति घंटा, 6,100 किलोमीटर प्रति घंटा) की स्पीड से यात्रा करती हैं.
ईरान ने जारी की तेल अवीव को खाली करने की चेतावनी
Times of Israel ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि ईरानी समाचार एजेंसियों के मुताबिक, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने तेल अवीव के कुछ इलाकों को खाली करने की चेतावनी जारी की है.
इस चेतावनी में हिब्रू में एक बयान शामिल है, जिसमें निवासियों से उत्तरी तेल अवीव के कुछ हिस्सों को तुरंत छोड़ने के लिए कहा गया है. यह धमकी तब आई है, जब IDF ने फ़ारसी में इसी तरह की चेतावनी जारी की थी, जिसमें तेहरान के कुछ हिस्सों से लोगों को निकालने के लिए कहा गया था. ईरान की चेतावनी में एक नक्शा है, जो इज़रायली चेतावनी में शामिल नक्शे के जैसा दिखाई देता है.ईरान ने हाल के घंटों में इज़रायल पर दो मिसाइलें दागीं. गंभीर चोटों या आवासीय इलाकों में नुकसान की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है.
IDF ने तेहरान के पास नए हमले शुरू किए
इज़रायली सेना का कहना है कि उसने डिस्ट्रिक्ट 18 के निवासियों को खाली करने की चेतावनी देने के कुछ ही घंटों बाद तेहरान के पास की जगहों को निशाना बनाकर नए हवाई हमले शुरू किए हैं. IDF ने कहा कि हमलों का मकसद राजधानी में ईरानी सैन्य बुनियादी ढांचे को खत्म करना है. विस्फोटों के बाद इलाके में धुआं उठता देखा गया.
इजरायल के एयरस्पेस पर ईरान ने ‘पूरी तरह से कब्ज़े’ का दावा किया
ईरानी न्यूज एजेंसियों के मुताबिक, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने तेल अवीव के आस-पास के इलाकों को खाली करने की चेतावनी जारी की है. रिवोल्यूशनरी गार्ड्स का कहना है कि ईरान की फतह मिसाइलें इजरायल की सुरक्षा को भेदकर अंदर घुस गईं, जिससे उसे इजरायल के एयरस्पेस पर ‘पूरी तरह से कब्ज़ा’ मिल गया.
ईरान की राजधानी तेहरान पर इजरायली सेना का हमला शुरू
इज़रायली सेना ने कहा है कि उसने तेहरान पर हमलों की लहर शुरू कर दी है. आईडीएफ ने कहा कि वायु सेना ने अब तेहरान इलाके में हमलों की लहर शुरू कर दी है.
ईरान ने नए हमले में इजरायल पर दागीं 30 मिसाइलें
ईरान ने इजरायल पर किए गए नए हमले में एक बार फिर से मिसाइलों की बौछार की है. एक घंटे से भी कम वक्त में ईरान से इज़रायल की ओर करीब 30 मिसाइलें दागी गईं, जिनमें तेल अवीव समेत कई इलाके शामिल थे. इज़रायल फायर एंड रेस्क्यू सर्विसेज के मुताबिक, मिसाइलों के हमले की वजह से तटीय, दक्षिणी और मध्य क्षेत्रों में खुले इलाकों में कई जगह आग लग गई.इससे पहले, मध्य और उत्तरी इज़राइल में कई जगहों पर सायरन की आवाज़ें सुनी गईं.







