दिव्यांगजनों के चिन्हांकन हेतु ब्लॉक परिसर में लगा विशेष शिविर, उमड़ी भीड़
विभिन्न गांवों से दर्जनों दिव्यांगजन ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे

बाराबंकी/सिद्धौर:- दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उनकी पहचान प्रक्रिया को सरल बनाने के उद्देश्य से सोमवार को सिद्धौर ब्लॉक सभागार में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा विशेष चिन्हांकन एवं पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे और विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रक्रिया पूरी कराई गई।
शिविर में विभाग की ओर से आई तीन सदस्यीय टीम ने दिव्यांगजनों के दस्तावेजों का सत्यापन कर पंजीकरण की प्रक्रिया संपन्न कराई। टीम में वरिष्ठ सहायक सियाराम, कंप्यूटर ऑपरेटर पंकज तथा स्वैच्छिक संस्था से जुड़े अमित मिश्रा शामिल रहे। टीम ने लाभार्थियों के आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, फोटो और अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की।
शिविर की जानकारी मिलते ही सिद्धौर ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न गांवों से दर्जनों दिव्यांगजन ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे। कई लोग अपने परिजनों के साथ सुबह से ही पंजीकरण कराने के लिए लाइन में लगे दिखाई दिए। शिविर के दौरान दिव्यांगजनों के यूनिक डिसेबिलिटी आईडी (UDID) कार्ड के लिए आवेदन लिए गए। इसके अलावा दिव्यांग पेंशन योजना, ट्राइसाइकिल एवं अन्य सहायक उपकरणों की पात्रता से संबंधित दस्तावेज भी जमा कराए गए।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि ऐसे शिविरों का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना और उन्हें प्रशासनिक प्रक्रियाओं में सुविधा देना है। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों के आवेदन ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे, जिससे आगे की कार्रवाई तेजी से हो सके। शिविर में पहुंचे ग्रामीणों और लाभार्थियों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की। लोगों का कहना था कि ब्लॉक स्तर पर शिविर लगने से उन्हें जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ते, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है। स्थानीय लोगों ने भविष्य में भी ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने की मांग की।







