भोपालमध्य प्रदेश

पुराना भोपाल छावनी में तब्दील: युवक की पिटाई के बाद सड़कों पर उतरा जनसैलाब, पथराव के बाद धारा 144 लागू

पुराना भोपाल छावनी में तब्दील: युवक की पिटाई के बाद सड़कों पर उतरा जनसैलाब, पथराव के बाद धारा 144 लागू

पुलिस ने 12 से अधिक प्रदर्शनकारियों पर दर्ज की FIR

भोपाल, यशभारत। राजधानी के गौतम नगर इलाके में एक मुस्लिम युवक और हिंदू युवती के साथ हुई मारपीट और अभद्रता के वीडियो वायरल होने के बाद मंगलवार को पुराने शहर में भारी तनाव फैल गया। स्थिति तब बेकाबू हो गई जब देर रात हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई और पथराव के बाद पुलिस को भीड़ तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, बीती 9 मई को गौतम नगर के एक होटल में हिंदू संगठनों के कुछ कार्यकर्ताओं ने आरिफ खान नामक युवक और एक हिंदू युवती को पकड़ा था। आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने युवक के साथ मारपीट की, उसके चेहरे पर स्याही और गोबर पोता और उसे अर्धनग्न कर पुलिस के हवाले किया। इस पूरी घटना के आपत्तिजनक वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिससे मुस्लिम समाज में गहरा आक्रोश फैल गया।

देर रात तक चला हंगामा
मंगलवार दोपहर शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी और स्थानीय विधायकों ने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर सख्त कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन रात होते-होते ताजुल मस्जिद, पीरगेट और मोती मस्जिद क्षेत्र में हजारों लोग जमा हो गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों पर एनएसए लगाने और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की। मोती मस्जिद इलाके में कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिससे थाना तलैया का एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। बिगड़ते हालात को देखते हुए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले दागे।

युवती का बयान: 5 साल से लिव-इन में हैं
पूरे विवाद के बीच पुलिस ने जब युवती से पूछताछ की, तो उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। युवती ने बताया कि वह आरिफ के साथ पिछले 5 वर्षों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है और वह उसके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती। युवती ने स्पष्ट किया कि वे अपनी मर्जी से होटल में मिलने आए थे क्योंकि उनके घर पर बाहरी लोगों का आना वर्जित है।

पुलिस की कार्रवाई और वर्तमान स्थिति
पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए रोहित सिंह, बृजेंद्र प्रजापति, जीतू कुशवाह, रंजीत सूर्यवंशी और लाला राम मीणा को मुख्य आरोपी बनाया है। इनमें से दो को हिरासत में लिया जा चुका है। आरोपियों के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है। वहीं, पथराव करने वाले 12 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों पर भी FIR दर्ज की गई है।

शांति की अपील
हिंदू उत्सव समिति ने इस घटना को ‘लव जिहाद’ से जोड़ते हुए शहर की शांति न बिगाड़ने की अपील की है। फिलहाल पुराने शहर में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की गुजारिश की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button