
NEET पेपर लीक मामले में CBI का बड़ा एक्शन, 5 आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली। Central Bureau of Investigation (सीबीआई) ने NEET UG-2026 पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन आरोपी जयपुर, एक गुरुग्राम और एक नासिक से पकड़ा गया है। मामले में देशभर के कई ठिकानों पर छापेमारी कर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
सीबीआई ने 12 मई 2026 को शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। शिकायत में NEET UG-2026 परीक्षा में गड़बड़ी, पेपर लीक और अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने के आरोप लगाए गए थे। मामले में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार और सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
जांच एजेंसी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पेपर लीक और गेस पेपर के नाम पर छात्रों से मोटी रकम वसूली गई थी। मामले में आरोपी दिनेश ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि उसने 10 छात्रों को गेस पेपर बेचकर नकद पैसा लिया था। उसने यह भी बताया कि गुरुग्राम निवासी यश नामक व्यक्ति से उसे गेस पेपर मिला था।
सूत्रों के अनुसार आरोपी दिनेश जयपुर ग्रामीण भाजपा युवा मोर्चा का जिला मंत्री बताया जा रहा है। वहीं सीबीआई ने जयपुर जिले के जमवा रामगढ़ क्षेत्र से दो सगे भाइयों को भी गिरफ्तार किया है, जिनकी भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है।
सीबीआई इस मामले में राजस्थान एसओजी के साथ मिलकर जांच कर रही है। एजेंसी तकनीकी और फॉरेंसिक जांच के जरिए यह पता लगाने में जुटी है कि पेपर लीक का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता है। जांच के दौरान कई संदिग्धों से पूछताछ भी जारी है।
जांच एजेंसियों का मानना है कि यह संगठित नेटवर्क परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता को प्रभावित कर रहा था। सीबीआई ने साफ किया है कि मामले की निष्पक्ष और व्यापक जांच की जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।







