गणतंत्र दिवस पर नेताजी सुभाषचंद्र बोस केंद्रीय कारागार से 9 आजीवन बंदी रिहा
नया जीवन शुरू करने का अवसर प्रदान किया गया

जबलपुर, यश भारत। गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 के अवसर पर जबलपुर स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस केंद्रीय कारागार से आज कुल 9 आजीवन कारावास की सजा काट रहे बंदियों को रिहा किया गया। यह रिहाई शासन के निर्देशानुसार अच्छे आचरण और निर्धारित पात्रता के आधार पर की गई।
जेल प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार रिहा किए गए बंदी जबलपुर, कटनी, डिंडोरी, सिवनी और मंडला जिलों से संबंधित हैं। इनमें जबलपुर जिले के 2, कटनी जिले के 4, डिंडोरी, सिवनी और मंडला जिले के 1-1 बंदी शामिल हैं। जेल प्रशासन ने बताया कि सभी रिहा किए गए बंदियों की जेल आचरण रिपोर्ट संतोषजनक रही और आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूर्ण करने के बाद उन्हें मुक्त किया गया। गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर की गई यह रिहाई सुधारात्मक न्याय प्रणाली की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
रिहाई की प्रक्रिया आज सुबह विधिवत रूप से संपन्न हुई, जिसके दौरान जेल परिसर में सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रहीं। रिहा किए गए बंदियों को समाज की मुख्यधारा से जुड़कर नया जीवन शुरू करने का अवसर प्रदान किया गया है।







