भानतलैया क्षेत्र में खड़ी कार में लगाई आग, पीड़ित परिवार ने लगाए लापरवाही के आरोप
आग लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

जबलपुर। बेलबाग थाना क्षेत्र में देर रात एक खड़ी कार में आग लगाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। जानकारी के मुताबिक, अनिकेत ठाकुर रात के समय अपनी कार घर के बाहर खड़ी कर किसी कार्यक्रम में गए हुए थे। उस दौरान परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद थे। देर रात करीब 1:30 बजे बाहर लोगों की आवाज सुनाई दी। जब परिजन घर से बाहर निकले तो देखा कि कार में आग लगी हुई है।
परिजनों और आसपास के लोगों ने तत्काल प्रयास कर समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि कार का कुछ हिस्सा आग की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई थी, लेकिन पुलिस मौके पर पहुंचने के बाद सुबह आने की बात कहकर वापस लौट गई और तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की।
घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। पीड़ित पक्ष ने आग लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि कार में आग किन कारणों से लगी या यह किसी की साजिश थी।







