भोपालमध्य प्रदेश

नवविवाहिता ने दी जान, पत्नी के वियोग में पति भी फांसी लगाने पेड़ पर चढ़ा

नवविवाहिता ने दी जान, पत्नी के वियोग में पति भी फांसी लगाने पेड़ पर चढ़ा

पुलिस ने 2 घंटे की मशक्कत के बाद युवक को फंदे से सुरक्षित उतारा

भोपाल, यशभारत। राजधानी के शाहजहानाबाद थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता द्वारा खुदकुशी करने और उसके गम में पति द्वारा आत्मघाती प्रयास करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी की मौत से टूटे पति ने छोला मंदिर इलाके में एक ऊंचे पेड़ पर चढ़कर जान देने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित नीचे उतारा।

पिछले साल ही हुई थी शादी
पुलिस के मुताबिक, मदर इंडिया कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय रिंकी अहिरवार की शादी पिछले साल संजय अहिरवार के साथ हुई थी। मंगलवार रात दोनों ने साथ खाना खाया और सोने चले गए। बुधवार सुबह जब परिवार के लोग जागे, तो रिंकी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही शाहजहानाबाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा।

अस्पताल में पीएम के लिये शव को छोड़ पेड़ पर चढ़ा पति

पत्नी की मौत की खबर ने संजय को गहरा सदमा पहुँचाया। अस्पताल की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद संजय अचानक परिजनों की नजरों से ओझल हो गया। कुछ देर बाद वह छोला मंदिर थाना क्षेत्र के एक सुनसान मैदान में स्थित ऊंचे पेड़ पर चढ़ा दिखाई दिया। वह अपने साथ रस्सी लेकर गया था और वहां फंदा बनाने लगा।

राहगीरों ने जब युवक को फांसी का फंदा लगाते देखा, तो तुरंत पुलिस को डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची छोला पुलिस ने संजय को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे आने को तैयार नहीं था। करीब दो घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद, पुलिसकर्मियों ने उसे बातों में उलझाया और सूझबूझ दिखाते हुए सुरक्षित नीचे उतार लिया।

जांच में जुटी पुलिस
शाहजहानाबाद थाना प्रभारी उमेश पाल सिंह चौहान ने बताया कि रिंकी के सुसाइड का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। हमने मर्ग कायम कर लिया है। नवविवाहिता का मामला होने के कारण एसडीएम स्तर पर भी जांच की जाएगी। पति फिलहाल सदमे में है, उसके और मायके पक्ष के बयान दर्ज होने के बाद ही स्थिति साफ होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button