सायाजी होटल के स्टोर रूम में भीषण आग, टेंट का सामान जलकर खाक

सायाजी होटल के स्टोर रूम में भीषण आग, टेंट का सामान जलकर खाक
_ शॉर्ट सर्किट से भड़की आग, डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू
यश भारत भोपाल। भदभदा क्षेत्र स्थित सायाजी होटल के स्टोर रूम में सोमवार सुबह अचानक आग लग गई, जिससे वहां रखा टेंट और अन्य सजावटी सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग लगने की घटना से होटल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल अमले ने मौके पर पहुंचकर करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार सायाजी होटल सैर सपाटा के ठीक सामने स्थित है। होटल परिसर के आगे की ओर बना स्टोर रूम आयोजन सामग्री रखने के लिए उपयोग में लिया जाता है। सोमवार सुबह स्टोर रूम के पास लगा जनरेटर चालू था। इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे वहां रखे टेंट, चादर, पर्दे और अन्य ज्वलनशील सामान में आग लग गई। आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही माता मंदिर सहित आसपास के फायर स्टेशनों से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त दमकलों को भी बुलाया गया। नगर निगम का अमला, पुलिस और होटल प्रबंधन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए था। एहतियात के तौर पर होटल के कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
दमकल कर्मियों ने समय रहते आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया, जिससे होटल के मुख्य भवन को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि नुकसान का आंकलन अभी किया जा रहा है।
फायर ब्रिगेड और पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आयोजन सामग्री को भारी नुकसान हुआ है।







